झारखंड के अलग-अलग जिलों में नदी में डूबने के दो मामले सामने आए हैं। पुलिस ने बताया कि रविवार को झारखंड के पलामू जिले में एक तालाब में डूबने से एक किशोर लड़के की मौत हो गई। वहीं एक अन्य मामला जमशेदपुर से सामने आया है, जहां स्वर्णरेखा नदी से 13 साल की एक लड़की का शव निकाला गया। जानकारी के मुताबिक दोनों मामले जितिया पूजा से जुड़े हुए हैं। किशोर अपनी मां के साथ पूजा की सामग्री विसर्जित करने गया था, जबकि किशोरी स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गई थी।
पलामू में किशोर की डूबने से मौत
पुलिस के मुताबिक राकेश कुमार नाम का लड़का अपनी मां के साथ छतरपुर पुलिस स्टेशन इलाके के खाटिन गांव गया था। यहां वह एक तालाब पर 'जितिया पूजा' की सामग्री विसर्जित करने गया था, तभी उसके डूबने की घटना हुई। सूचना मिलते ही गांव के लोग जुट गए और उन्होंने तालाब में डूबे किशोर को किसी तरह से बाहर निकाला। परिजनों ने आनन-फानन में किशोर को सब-डिविजनल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छतरपुर के इंचार्ज अधिकारी सौरभ चौबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है।
जमशेदपुर में स्नान के दौरान डूबी किशोरी
वहीं दूसरी तरफ जमशेदपुर में स्वर्णरेखा नदी से 13 साल की किशोरी का शव बरामद किया गया है। किशोरी की पहचान पूनम कुमारी के रूप में हुई। जानकारी के मुताबिक पूनम और उसकी बड़ी बहन ज्योति कुमारी शनिवार शाम को 'जितिया' के मौके पर पवित्र स्नान करने के लिए अपने माता-पिता के साथ नदी पर गई थीं। गहरे पानी में जाने पर दोनों बहनें तेज बहाव में बह गईं।
बड़ी बहन का इलाज जारी
उनकी मां के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान शुरू किया। वे ज्योति को तो बाहर निकालने में कामयाब रहे, लेकिन पूनम का पता नहीं चल सका। ज्योति को गंभीर हालत में MGM अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं रविवार को पूनम का शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को पता था कि त्योहार के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी पर आएंगे, फिर भी उसने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए। (इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें-
सारण में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप, एक पटना रेफर; चाकूबाजी में 4 लोग हुए थे घायल