1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. SIR आंदोलन पर INDIA गठबंधन में दरार! राष्ट्रपति से मुलाकात में शामिल नहीं होगी UBT शिवसेना, इस बात से है नाराज

SIR आंदोलन पर INDIA गठबंधन में दरार! राष्ट्रपति से मुलाकात में शामिल नहीं होगी UBT शिवसेना, इस बात से है नाराज

 Reported By: Sachin Chaudhary,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 09, 2026 04:48 pm IST,  Updated : Oct 09, 2026 04:48 pm IST

SIR के विरुद्ध जारी आंदोलन के बीच INDIA गठबंधन में दरार सामने आ गई है। आखिरी वक्त न्योता देने से शिवसेना UBT नाराज हो गई है। UBT का कोई भी प्रतिनिधि आज राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए विपक्षी दलों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होगा।

congress shiv sena ubt- India TV Hindi
SIR के खिलाफ आंदोलन के बीच कांग्रेस और शिवसेना UBT में मतभेद! Image Source : PTI

SIR के खिलाफ और चुनाव प्रक्रिया को लेकर INDIA गठबंधन के आंदोलन में अब आपसी मतभेद सामने आने लगे हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस पिछले तीन दिनों से दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं। आज (शुक्रवार को) रात कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति से मुलाकात करेगा, लेकिन उद्धव ठाकरे की शिवसेना यानी UBT इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल नहीं होगी।

आखिरी वक्त न्योते से नाराज हुई शिवसेना UBT

सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना UBT का कहना है कि उन्हें आखिरी वक्त पर न्योता दिया गया। वहीं, उद्धव ठाकरे आज मुंबई में सांसदों और विभाग प्रमुखों के साथ बैठक कर रहे हैं, जिसके कारण पार्टी के सांसद दिल्ली नहीं पहुंच पाएंगे। संजय राउत भी दो दिन के पुणे दौरे पर हैं।

महाविकास अघाड़ी में सबकुछ ठीक नहीं- शेलार

शिवसेना UBT के इस फैसले को लेकर बीजेपी ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधा है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा कि INDIA गठबंधन और महाविकास अघाड़ी में सबकुछ ठीक नहीं है। उनके मुताबिक, असंतुष्ट और असफल नेता सिर्फ बीजेपी और मोदी सरकार का विरोध करने के लिए एकजुट हुए हैं, लेकिन वे इसमें भी सफल नहीं होंगे।

ममता, सपा के बाद UBT से कांग्रेस का मतभेद

आशीष शेलार ने विपक्षी दलों के बीच मतभेदों का जिक्र करते हुए कहा कि ममता बनर्जी के बोलने पर कांग्रेस पीछे से हंसी-मजाक करती है, समाजवादी पार्टी कांग्रेस को उसकी औकात दिखाने की बात करती है और अब शिवसेना UBT भी कांग्रेस के साथ नहीं आई है। शेलार ने विपक्षी गठबंधन को असफल नेताओं का समूह बताते हुए कहा कि यह गठबंधन कभी सफल नहीं होगा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या SIR के खिलाफ विपक्ष की लड़ाई में INDIA गठबंधन के भीतर ही दरार पड़ने लगी है, या फिर UBT शिवसेना का यह फैसला सिर्फ कार्यक्रम और समय की व्यस्तता की वजह से है।

आज रात 8 बजे राष्ट्रपति से मिलेंगे विपक्ष के नेता

गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन के तमाम नेता आज रात 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। वे सीईसी ज्ञानेश कुमार के त्यागपत्र की मांग को लेकर यह भेंट करने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति कार्यालय ने आज सुबह इस मुलाकात की पुष्टि की है। राष्ट्रपति मुर्मू से मिलने वाले नेताओं में 10 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल होगा। इसमें कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी होंगे।

ये भी पढ़ें- लगातार तीसरे दिन सड़क पर उतरे राहुल गांधी, हजारों कार्यकर्ताओं के साथ किया प्रदर्शन; जानिए दिनभर क्या-क्या हुआ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।