1. Hindi News
  2. पैसा
  3. ऑटो
  4. गाड़ियों की बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड, सितंबर में कारों की सेल 32% बढ़ी; देशभर में बिके 25 लाख से ज्यादा वाहन

गाड़ियों की बिक्री ने तोड़े रिकॉर्ड, सितंबर में कारों की सेल 32% बढ़ी; देशभर में बिके 25 लाख से ज्यादा वाहन

सितंबर में भारतीय ऑटो बाजार ने बिक्री के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया। त्योहारी सीजन से पहले ग्राहकों की मजबूत मांग का असर रिटेल बिक्री के आंकड़ों में साफ दिखाई दिया।

सितंबर में गाड़ियों...- India TV Hindi
Image Source : PTI सितंबर में गाड़ियों की सेल

सितंबर 2026 भारतीय ऑटो बाजार के लिए बेहद शानदार महीना साबित हुआ है। फेस्टिव सीजन की शुरुआत के बीच देशभर में गाड़ियों की खरीदारी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के मुताबिक, सितंबर में कुल 25.36 लाख से ज्यादा वाहनों की रिटेल बिक्री हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 31.82% अधिक है। खास बात यह है कि पैसेंजर व्हीकल यानी कारों की बिक्री ने भी नया रिकॉर्ड बनाया।

FADA के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 में देश में कुल 25,36,920 वाहनों की रिटेल बिक्री हुई। सितंबर 2025 में यह आंकड़ा कम था। इस तरह सालाना आधार पर कुल ऑटो रिटेल बिक्री में 31.82% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अगस्त की तुलना में भी सितंबर में बिक्री 4.69% बढ़ी। FADA ने बताया कि सितंबर छह में से पांच प्रमुख वाहन कैटेगरी के लिए अब तक का सबसे अच्छा सितंबर रहा। इसके साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कुल रिटेल बिक्री 1,55,12,319 यूनिट पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 20.77% ज्यादा है।

कारों की बिक्री में 32% का उछाल

सितंबर में पैसेंजर व्हीकल की रिटेल बिक्री 4,27,213 यूनिट रही। इसमें पिछले साल की तुलना में 32.1% की जोरदार बढ़ोतरी हुई। यह पैसेंजर व्हीकल के लिए अब तक का सबसे अच्छा सितंबर रहा। शहरी और ग्रामीण दोनों बाजारों में कारों की मांग लगभग बराबर रफ्तार से बढ़ी। शहरी बाजार में बिक्री 32.11% और ग्रामीण बाजार में 32.09% बढ़ी। इससे पता चलता है कि कारों की मांग सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रही।

दोपहिया और कमर्शियल व्हीकल की भी तेज बिक्री

दोपहिया वाहनों की रिटेल बिक्री सितंबर में 17,90,188 यूनिट रही, जो पिछले साल की तुलना में 33.08% ज्यादा है। वहीं, तीन पहिया वाहनों की बिक्री 1,32,570 यूनिट रही और इसमें 22.25% की वृद्धि दर्ज हुई। कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। सितंबर में इसकी बिक्री 1,03,557 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 37.62% अधिक है।

पेट्रोल, CNG, हाइब्रिड, EV में कांटे की टक्कर

सितंबर में वाहन खरीदारों की पसंद में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। पेट्रोल की हिस्सेदारी 41.27% रही, जबकि वैकल्पिक ईंधन की हिस्सेदारी करीब 41% रही। इसमें CNG की हिस्सेदारी 23.11%, हाइब्रिड की 9.44% और इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की 8.45% रही।

फेस्टिव सीजन से उम्मीद

FADA के मुताबिक, सितंबर के शानदार आंकड़ों के बाद अक्टूबर को लेकर ऑटो डीलर्स का रुख सावधानी के साथ पॉजिटिव है। त्योहारी सीजन में शुभ दिनों पर होने वाली खरीदारी बिक्री की रफ्तार तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह भी पढ़ें- ऑटो सेक्टर ने सितंबर में मचाया धमाल, हुंडई की रिकॉर्ड बिक्री; महिंद्रा की 15% और JSW MG की 19% बढ़ी सेल्स

Latest Business News