नयी दिल्ली। वैश्विक बाजार में कमजोरी के रुख के कारण बुधवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 301 रुपए गिरकर 38,870 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया। एचडीएफसी सिक्युरिटीज ने यह जानकारी दी। चांदी बाजार में तकनीकी सुधार के बीच भाव 906 रुपए टूटकर 47,415 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुआ। मंगलवार को सोना 39,171 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, 'वैश्विक बाजार में कल रात की गिरावट के बाद दिल्ली में 24 कैरेट सोने के भाव में 301 रुपये की नरमी देखी गई। रुपए की विनिमय दर में नरमी से सोने में गिरावट कुछ सीमित हुई।'
उन्होंने कहा कि विदेशी विनिमय के हाजिर बाजार में रुपया अमेरिकी डालर के मुकाबले 25 पैसे कमजोर चल रहा था। वैश्विक बाजार में सोना 1,486 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित था। चांदी भी 17.54 डॉलर प्रति औंस के पिछले स्तर पर ही थी।
Latest Business News