A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold rate today: कमजोर मांग की वजह से सोने में आई गिरावट, चांदी 400 रुपए हुई तेज

Gold rate today: कमजोर मांग की वजह से सोने में आई गिरावट, चांदी 400 रुपए हुई तेज

मजबूत वैश्विक रुख के बावजूद स्थानीय आभूषण निर्माताओं की नरम मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 90 रुपए गिरकर 31,860 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं, दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के उठाव बढ़ने से चांदी 400 रुपए चढ़कर 41,950 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

gold- India TV Hindi
Image Source : GOLD gold

नई दिल्ली। मजबूत वैश्विक रुख के बावजूद स्थानीय आभूषण निर्माताओं की नरम मांग से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 90 रुपए गिरकर 31,860 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया। वहीं, दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के उठाव बढ़ने से चांदी 400 रुपए चढ़कर 41,950 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण निर्माताओं एवं खुदरा विक्रेताओं की कमजोर मांग से सोने के भाव में गिरावट आई। हालांकि, वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख ने गिरावट को थामने का प्रयास किया। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.30 प्रतिशत बढ़कर 1,302.70 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 17.08 डॉलर प्रति औंस पर रही। 

राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 90-90 रुपए गिरकर क्रमश: 31,860 रुपए और 31,710 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। कल के कारोबारी सत्र में सोना 150 रुपए चढ़ा था। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपए प्रति इकाई पर टिकी रही। 

वहीं, दूसरी ओर चांदी हाजिर 400 रुपए सुधरकर 41,950 रुपए प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 505 रुपए बढ़कर 41,125 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 76,000 रुपए और 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर कायम रहे। 

Latest Business News