1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1B का रीडेवलपमेंट शुरू करेगा अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, नवी मुंबई शिफ्ट होंगी फ्लाइट्स

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1B का रीडेवलपमेंट शुरू करेगा अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, नवी मुंबई शिफ्ट होंगी फ्लाइट्स

AAHL ने एयरलाइंस को अपनी मर्जी से अपना कामकाज अस्थायी रूप से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMI) पर ले जाने का विकल्प दिया है।

mumbai international airport, navi mumbai international airport, adani airport holdings limited, Chh- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई एयरपोर्ट

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) टर्मिनल 1B के उत्तरी हिस्से का रीडेवलपमेंट शुरू करेगा। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड ही इस एयरपोर्ट को ऑपरेट करती है। 60 साल पुरानी बिल्डिंग को लेकर सुरक्षा चिंताओं के कारण इस टर्मिनल का चरणबद्ध तरीके से रीडेवलपमेंट किया जाएगा।

हर साल 5.5 करोड़ यात्रियों को संभालता है मुंबई एयरपोर्ट

कंपनी ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट (BOM) से हर साल आने-जाने वाले लगभग 5.5 करोड़ यात्रियों (mppa) में से लगभग 5 mppa (करीब 9%) यात्रियों पर ही इसका अस्थायी असर पड़ेगा। कामकाज जारी रखने और यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए AAHL ने एयरलाइंस को अपनी मर्जी से अपना कामकाज अस्थायी रूप से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMI) पर ले जाने का विकल्प दिया है। AAHL इस दौरान एयरलाइंस की मदद करेगा और सेवाओं को आसानी से और बिना किसी रुकावट के दूसरी जगह ले जाने के लिए हर जरूरी सहायता देगा।

पहले चरण में तोड़ा जाएगा टर्मिनल 1B का उत्तरी हिस्सा

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के CEO अरुण बंसल ने कहा, "मुंबई एयरपोर्ट के 91% यात्री ट्रैफिक पर कोई असर नहीं पड़ेगा, भले ही हम उस पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर का रीडेवलपमेंट कर रहे हों, जिसे तुरंत मरम्मत की जरूरत थी। यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और कामकाज में कम से कम रुकावट आए, इसलिए पहले चरण में सिर्फ टर्मिनल 1B के उत्तरी हिस्से को तोड़ा जा रहा है, जो मुंबई एयरपोर्ट के T1 की क्षमता का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है। नवी मुंबई एयरपोर्ट पर जाना अस्थायी है और इसका मतलब मुंबई एयरपोर्ट के ट्रैफिक का स्थायी रूप से दूसरी जगह जाना नहीं है।"

बेहतर विकल्प न होने के कारण अस्थायी उपायों से ही चलाया जा रहा था काम

टर्मिनल 1 को लंबे समय से सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय माना जाता रहा है, लेकिन यात्रियों और एयरलाइंस के लिए कोई बेहतर विकल्प न होने के कारण इतने सालों तक केवल अस्थायी उपाय ही किए जाते रहे। 

अप्रैल में हुई थी आग की घटना

इस साल अप्रैल में टर्मिनल 1 में आग लगने की घटना के बाद, कामकाज जारी रखने से जुड़े जोखिम और भी बढ़ गए हैं। अब जब नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट चालू हो गया है और एयरलाइंस और यात्रियों के लिए एक विकल्प दे सकता है, तो टर्मिनल 1 को बंद करने और चरणबद्ध तरीके से रीडेवलप करने की योजना को और टाला नहीं जा सकता।

जनवरी 2027 से शुरू होगा काम

T1 का रीडेवलपमेंट जनवरी 2027 से शुरू होगा, जिससे इसकी क्षमता 33% बढ़ जाएगी। यानी, मौजूदा 15 mppa से बढ़कर 20 mppa हो जाएगी। अरुण बंसल ने कहा, "2020 से ही टर्मिनल 1 के भविष्य को लेकर एयरलाइन कंपनियों के साथ व्यापक बातचीत चल रही है। प्रस्तावित रीडेवलपमेंट प्लान को AERA के सामने भी पेश किया गया था और बाद में इसे मंजूरी मिले टैरिफ फ्रेमवर्क में शामिल किया गया। हालांकि, हम कुछ एयरलाइन कंपनियों की चिंताओं को समझते हैं, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। इस प्रक्रिया को शुरू करने में और देरी होने से लाखों यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर बुरा असर पड़ सकता है।"

नवी मुंबई एयरपोर्ट पर नई इंटरनेशनल फ्लाइट्स की लैंडिंग फीस पर 100% छूट

नवी मुंबई एयरपोर्ट नई इंटरनेशनल फ्लाइट्स की लैंडिंग फीस पर 100% छूट दे रहा है। इसके अलावा, नवी मुंबई और मुंबई एयरपोर्ट पर लगने वाले यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) के अंतर की भरपाई के लिए इंटरनेशनल यात्रियों को कैश वाउचर देने की भी योजना है।

आधुनिक और विश्व स्तरीय सुविधाओं वाला एयरपोर्ट है नवी मुंबई

नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक आधुनिक और विश्व स्तरीय सुविधाओं वाला एयरपोर्ट है। इसमें मुंबई एयरपोर्ट से आने वाले अतिरिक्त यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और क्षमता है। अरुण बंसल ने कहा, "नवी मुंबई एयरपोर्ट के चालू होने से मुंबई एयरपोर्ट के T1 का रीडेवलपमेंट अलग-अलग चरणों में करना मुमकिन हो पाया है, बजाय इसके कि पूरे टर्मिनल को बंद कर दिया जाए और यात्रियों एवं एयरलाइंस को ज्यादा परेशानी हो।"

ये भी पढ़ें

CNG की कीमतों में 3.25 रुपये तक की बढ़ोतरी, लखनऊ और आगरा में 107 रुपये प्रति किलो तक पहुंचा रेट

Latest Business News