A
Hindi News पैसा बिज़नेस Share Market Closing: AI की आहट से कांपा दलाल स्ट्रीट! IT शेयर धड़ाम, बाजार दिनभर के बाद सपाट बंद

Share Market Closing: AI की आहट से कांपा दलाल स्ट्रीट! IT शेयर धड़ाम, बाजार दिनभर के बाद सपाट बंद

एआई को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं की आहट ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दिनभर उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार करने के बाद आखिरकार दलाल स्ट्रीट लगभग सपाट बंद हुआ।

सपाट बंद हुआ शेयर...- India TV Paisa Image Source : ANI सपाट बंद हुआ शेयर बाजार

दलाल स्ट्रीट पर बुधवार को पूरा दिन उतार-चढ़ाव का खेल चला। कभी खरीदारी की उम्मीद जगी, तो कभी बिकवाली का डर छाया रहा। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी वैश्विक चिंताओं ने निवेशकों की नब्ज टटोली और सबसे बड़ा झटका IT सेक्टर को लगा। हालांकि, दिन के अंत तक बाजार ने खुद को संभाल लिया और सेंसेक्स-निफ्टी मामूली बढ़त के साथ सपाट बंद होने में कामयाब रहे।

कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स 78.56 अंक की बढ़त के साथ 83,817.69 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 50 इंडेक्स 48.45 अंक चढ़कर 25,776.00 के लेवल पर बंद हुआ। बाजार की चाल भले ही सीमित रही, लेकिन उतार-चढ़ाव पूरे दिन हावी रहा।

IT सेक्टर में भारी बिकवाली, AI बना वजह

दिन की सबसे बड़ी कहानी IT सेक्टर की रही। AI से जुड़े बिजनेस मॉडल, मार्जिन प्रेशर और ग्लोबल अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने IT शेयरों से दूरी बना ली। नतीजा यह रहा कि निफ्टी IT इंडेक्स करीब 6–7 फीसदी तक टूट गया। इंफोसिस, TCS, टेक महिंद्रा, HCL टेक्नोलॉजीज और विप्रो जैसे दिग्गज शेयर टॉप लूजर्स की लिस्ट में रहे।

मिडकैप-स्मॉलकैप ने दिखाई मजबूती

जहां IT शेयरों में गिरावट ने बाजार का मूड बिगाड़ा, वहीं ब्रॉडर मार्केट ने बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 0.6 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.2 फीसदी तक चढ़ा। यह संकेत देता है कि निवेशकों का भरोसा चुनिंदा सेक्टर्स और स्टॉक्स में बना हुआ है।

इन शेयरों ने संभाला बाजार

निफ्टी पर ONGC, इटरनल, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स और NTPC ने बढ़त के साथ बाजार को सहारा दिया। इसके अलावा ऑटो, एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, PSU, मेटल, ऑयल एंड गैस और पावर सेक्टर के शेयरों में 1-2 फीसदी की मजबूती देखने को मिली।

रुपये पर भी दिखा दबाव

शेयर बाजार की तरह भारतीय रुपया भी दबाव में रहा। कारोबार के अंत में रुपया 90.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले सत्र के मुकाबले कमजोर है।

Latest Business News