अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में लगातार तेजी के बीच पेट्रोलियम कंपनियों ने एटीएफ (विमान ईंधन) के दाम बढ़ा दिए हैं। रविवार से एटीएफ की कीमत में 1.37 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक, दिल्ली में एटीएफ की कीमत 137.12 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
अगस्त, सितंबर और अक्टूबर के बाद अब नवंबर में भी महंगा हुआ एटीएफ
बताते चलें कि एटीएफ की कीमतों में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 1 अक्टूबर को एटीएफ की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। एटीएफ की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत पर दबाव बढ़ेगा। एयरलाइन के कुल परिचालन खर्च में एटीएफ का हिस्सा करीब 40 प्रतिशत होता है। ऐसे में एटीएफ महंगा होने से एयरलाइन कंपनियों के खर्च में और ज्यादा इजाफा होने की आशंका है।
19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी
इसी तरह, होटल और रेस्टॉरेंटों में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी की कीमत भी 10 रुपये बढ़ाकर 2820 रुपये कर दी गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले अक्टूबर में इसकी कीमत 62.50 रुपये और सितंबर में 9.50 रुपये बढ़ाई गई थी। हालांकि, अगस्त में इसके दाम 192 रुपये और जुलाई में 183.50 रुपये कम हुए थे।
3113.50 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए थे कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम
जून में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में तेजी और सप्लाई में आई बाधाओं के कारण कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में कुल 1373 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इस दौरान कीमत 1740.50 रुपये से बढ़कर 3113.50 रुपये हो गई थी।
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं
दूसरी ओर, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर रखी गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।
ये भी पढ़ें
वाराणसी और साबरमती के बीच 2 नवंबर से चलेगी नई ट्रेन, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल
Latest Business News