1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. तमिलनाडु में ऑटो किराये की नई दरें तय, अब ₹50 से कम नहीं होगा न्यूनतम किराया

तमिलनाडु में ऑटो किराये की नई दरें तय, अब ₹50 से कम नहीं होगा न्यूनतम किराया

तमिलनाडु में करीब 13 साल बाद ऑटो के किराये की दरों में संशोधन किया है। नए नियम के मुताबिक, अब पहले 1.8 किलोमीटर के सफर के लिए कम से कम ₹50 देने होंगे। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए ₹25 किराया लगेगा।

तमिलनाडु में ऑटो...- India TV Hindi
Image Source : ANI तमिलनाडु में ऑटो किराये बढ़ा

तमिलनाडु सरकार ने करीब 13 साल बाद ऑटो के किराये में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब सामान्य इलाकों में ऑटो से शुरुआती 1.8 किलोमीटर की यात्रा के लिए कम से कम 50 रुपये देने होंगे। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 25 रुपये किराया देना होगा। इससे पहले ऑटो का किराया अगस्त 2013 में तय किया गया था। नई दरों से जहां ऑटो चालकों को बढ़ती लागत से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं यात्रियों को अब सफर के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।

राज्य के गृह (परिवहन) विभाग ने मंगलवार को जारी अधिसूचना में ऑटो किराये की नई दरों की जानकारी दी। साल 2013 में तय नियमों के अनुसार, शुरुआती 1.8 किलोमीटर के लिए 25 रुपये और इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 12 रुपये देने होते थे। अब सरकार ने इन दरों में बढ़ोतरी की है। नई व्यवस्था के तहत सामान्य इलाकों में शुरुआती 1.8 किलोमीटर का किराया 50 रुपये होगा। इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 25 रुपये चुकाने होंगे।

घाट वाले इलाकों में कितना देना होगा किराया?

सरकार ने घाट वाले क्षेत्रों के लिए अलग दरें तय की हैं। यहां शुरुआती यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 60 रुपये होगा। इसके बाद हर अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 30 रुपये देने होंगे। यानी घाट वाले इलाकों में ऑटो से सफर करना सामान्य क्षेत्रों के मुकाबले महंगा होगा। इसके अलावा, अगर ऑटो चालक को यात्री के इंतजार में रुकना पड़ता है, तो इसके लिए प्रति मिनट 1 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

रात में ऑटो का सफर होगा महंगा

नई दरों के मुताबिक, रात 10 बजे से सुबह 5 बजे के बीच ऑटो से सफर करने पर सामान्य किराये का 1.5 गुना भुगतान करना होगा। यानी इस समय यात्रा करने वाले यात्रियों को दिन के मुकाबले ज्यादा किराया देना पड़ेगा।

ऑटो चालकों की मांग के बाद फैसला

ऑटो चालक लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि पेट्रोल की कीमतों, बीमा प्रीमियम और गाड़ियों के रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ा है। इसके अलावा, ऐप आधारित कैब सेवाओं और बाइक टैक्सी से मिल रही प्रतिस्पर्धा ने भी उनके कारोबार पर असर डाला है। ऑटो चालकों के संगठनों ने शुरुआती 1.5 किलोमीटर के लिए 60 रुपये और इसके बाद हर किलोमीटर के लिए 30 रुपये किराये की मांग की थी। दूसरी ओर, उपभोक्ता संगठनों ने शुरुआती 1.8 या 2 किलोमीटर के लिए 50 रुपये किराया तय करने का सुझाव दिया था। परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने कुछ दिन पहले ऑटो चालकों को भरोसा दिया था कि दीपावली से पहले किराये में संशोधन किया जाएगा। अब सरकार ने नई दरों की घोषणा कर दी है।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में यात्री बसों का किराया बढ़ा, साधारण बसों के किराये में 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी

Latest Business News