1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Bank Holiday: इस हफ्ते 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, आपके शहर में कब-कब रहेगा अवकाश; देखें RBI की पूरी लिस्ट

Bank Holiday: इस हफ्ते 5 दिन बंद रहेंगे बैंक, आपके शहर में कब-कब रहेगा अवकाश; देखें RBI की पूरी लिस्ट

अगर इस हफ्ते आपके पास कोई जरूरी बैंकिंग काम है तो यह खबर आपके लिए है। इस हफ्ते देशभर में बैंक कई दिन तक बंद रहेंगे। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की बैंक हॉलिडे की लिस्ट के अनुसार, 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बैंकों की 5 दिन की छुट्टियां हैं।

27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 5...- India TV Hindi
Image Source : CANVA 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 5 दिन बैंक बंद रहेंगे।

त्योहारों का सीजन अपने चरम पर है और इसी के साथ देशभर में छुट्टियों की बौछार भी जारी है। अगर आप आने वाले हफ्ते में किसी बैंक से जुड़ा काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। RBI के बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 27 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच देश के कई हिस्सों में बैंक 5 दिन बंद रहेंगे। इन छुट्टियों में छठ पूजा, इगास बग्वाल जैसे त्यौहार शामिल हैं।

छठ पूजा के कारण बिहार-झारखंड में बैंक बंद

हफ्ते की शुरुआत ही छुट्टी से होगी। सोमवार, 27 अक्टूबर को कोलकाता, पटना और रांची रीजन में छठ पूजा के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। वहीं, मंगलवार, 28 अक्टूबर को भी पटना और रांची रीजन में बैंकिंग कामकाज नहीं होगा। इस तरह, बिहार और झारखंड में बैंक कर्मचारियों को वीकली छुट्टियां समेत लगातार चार दिन की छुट्टी मिलने वाली है।

अहमदाबाद, बेंगलुरु और देहरादून में भी रहेंगे अवकाश

बुधवार और गुरुवार को बैंकों में सामान्य कामकाज रहेगा, लेकिन शुक्रवार यानी 31 अक्टूबर को अहमदाबाद रीजन में बैंक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर बंद रहेंगे। इसके बाद शनिवार यानी 1 नवंबर को बेंगलुरु में कन्नड़ राज्योत्सव और देहरादून में इगास बग्वाल के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। उत्तराखंड में यह त्योहार दिवाली के 11 दिन बाद मनाया जाता है।

RBI लिस्ट में डालें एक नजर

  • 27 अक्टूबर 2025: छठ के मौके पर पश्चिम बंगल, बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
  • 28 अक्टूबर 2025: बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे।
  • 31 अक्टूबर 2025: सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुजरात में बैंक बंद रहेंगे।
  • 01 नवंबर 2025: कर्नाटक और उत्तराखंड में बैंक बंद रहेंगे।
  • 02 नवंबर 2025: रविवार के चलते पूरे देशभर में बैंक बंद रहेंगे।

किन सुविधाओं पर नहीं पड़ेगा असर

अगर आपको पैसे ट्रांसफर करने या बिल पेमेंट जैसी जरूरी बैंकिंग सेवाओं की चिंता है, तो राहत की बात है कि ऑनलाइन बैंकिंग (UPI, IMPS, NEFT, RTGS) और ATM सेवाएं छुट्टियों के दौरान भी सामान्य रूप से चलती रहेंगी। यानी आप डिजिटल तरीके से अपने सारे काम निपटा सकते हैं।

अक्टूबर में कुल 21 दिन बैंक हॉलिडे

इस साल अक्टूबर का महीना बैंकों के लिए सबसे बिजी और छुट्टियों से भरा रहा है। त्योहारों, वीकली और क्षेत्रीय पर्वों को मिलाकर कुल 21 दिन बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में अगर आपके पास कोई जरूरी बैंकिंग काम बाकी है, तो अपनी योजनाएं उसी के हिसाब से बनाएं ताकि आपको किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

Latest Business News