A
Hindi News पैसा बिज़नेस ग्रेटर नोएडा में घर खरीदने का सुनहरा मौका! स्मार्ट टाउनशिप में लॉन्च होगी नई ग्रुप हाउसिंग स्कीम, मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं

ग्रेटर नोएडा में घर खरीदने का सुनहरा मौका! स्मार्ट टाउनशिप में लॉन्च होगी नई ग्रुप हाउसिंग स्कीम, मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं

ग्रेटर नोएडा में रहने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही यहां के इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल स्मार्ट टाउनशिप में घर खरीदने का शानदार मौका मिलने जा रहा है। औद्योगिक गतिविधियों के तेजी से बढ़ने के बीच अब ग्रुप हाउसिंग के लिए चार नए भूखंडों की योजना तैयार की जा रही है।

ग्रेटर नोएडा में...- India TV Paisa Image Source : NICDC OFFICIAL WEBSITE ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी खरीदने का सुनहरा मौका।

ग्रेटर नोएडा में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए खुशखबरी है। अब जल्द ही यहां की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल स्मार्ट टाउनशिप में नई ग्रुप हाउसिंग स्कीम लॉन्च होने जा रही है। इस योजना के तहत लोगों को लग्जरी अपार्टमेंट्स और सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस घर मिलेंगे। खास बात यह है कि यहां पहले से ही बिजली, पानी, सड़क और कनेक्टिविटी जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं का काम पूरा किया जा चुका है। उम्मीद की जा रही है कि यह योजना दिसंबर महीने या नए साल की शुरुआत में लॉन्च हो सकती है।

हिन्दुस्तान में छपी खबर के अनुसार, यह अत्याधुनिक टाउनशिप दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) के तहत विकसित की जा रही है। इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप ग्रेटर नोएडा लिमिटेड (IITGNL) द्वारा 750 एकड़ में फैली इस स्मार्ट टाउनशिप में उद्योग, व्यापार और आवास तीनों के लिए एक ही जगह पर सुविधा प्रदान की जाएगी। यानी यहां रहने वालों को न केवल शानदार रिहाइश मिलेगी, बल्कि रोजगार और बिजनेस अवसर भी यहीं मिलेंगे।

रिहायशी जरूरतों पर फोकस

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, इस टाउनशिप में कुल 39 प्लॉट उद्योगों के लिए, 4 प्लॉट ग्रुप हाउसिंग यानी फ्लैट्स के लिए और 8 प्लॉट बिजनेस या कमर्शियल कामों के लिए तय किए गए हैं। इनमें से 26 इंडस्ट्रियल प्लॉट पहले ही कंपनियों को दिए जा चुके हैं, जबकि बाकी प्लॉट्स के लिए हाल ही में नई योजना शुरू की गई है। अब फोकस लोगों के रहने के लिए घर बनाने पर है।

स्मार्ट और लग्जरी सुविधाएं

आईआईटीजीएनएल की निदेशक प्रेरणा सिंह ने बताया कि अब जब औद्योगिक विकास हो चुका है, तो अगला कदम रिहायशी योजना लाना है। इसके तहत चार प्लॉट्स पर ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे। जल्द ही इसका ब्रोशर जारी किया जाएगा, जिसमें सभी नियम और शर्तें दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि यहां रहने वालों को सारी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी जैसे चौड़ी सड़कें, हरे-भरे पार्क, 24 घंटे बिजली-पानी की सुविधा, पावर बैकअप, और सुरक्षित वातावरण। यानी लोगों को एक स्मार्ट और आरामदायक लाइफस्टाइल का एक्सपीरिएंस मिलेगा।

स्मार्ट टाउनशिप में बढ़ता निवेश

इस स्मार्ट टाउनशिप में अब तक कई बड़ी कंपनियां निवेश कर चुकी हैं, जिनमें सोनालिका इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स, नोवामैक्स इंडस्ट्रीज, जीकेएस डिजिटल इंडिया, नेपच्यून एनर्जी और डीएस नेक्स्ट जेन प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा, जापान और सिंगापुर की कंपनियां भी यहां निवेश करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं। दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में इस प्रोजेक्ट का दौरा किया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी के मुताबिक, “टाउनशिप में उद्योग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी वजह से अब यहां रहने के लिए घरों की जरूरत महसूस हो रही है। इसीलिए ग्रुप हाउसिंग की नई योजना जल्द ही शुरू की जाएगी।”

Latest Business News