1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली वालों के लिए गुड न्यूज: सालों से अटका कालिंदी कुंज फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी, अब खत्म होगा ट्रैफिक जाम का झंझट!

दिल्ली वालों के लिए गुड न्यूज: सालों से अटका कालिंदी कुंज फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी, अब खत्म होगा ट्रैफिक जाम का झंझट!

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने वाली है। कालिंदी कुंज पर लंबे समय से लंबित फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद यह व्यस्त चौराहा सिग्नल-फ्री हो जाएगा, जिससे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

कालिंदी कुंज फ्लाईओवर...- India TV Hindi
Image Source : ANI कालिंदी कुंज फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली

दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर रोजाना जाम से जूझने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से अटका कालिंदी कुंज फ्लाईओवर प्रोजेक्ट अब आखिरकार मंजूर हो गया है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद इस इलाके को सिग्नल-फ्री बनाया जाएगा, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है।

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने कालिंदी कुंज पर दो-तरफा फ्लाईओवर (लूप रोड) बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत दो अलग-अलग फ्लाईओवर बनाए जाएंगे, जिससे गाड़ियों को चौराहे पर रुके बिना सीधे अपनी दिशा में जाने की सुविधा मिलेगी।

ऐसे मिलेगा जाम से छुटकारा

पहला फ्लाईओवर नोएडा से आने वाले वाहनों के लिए होगा, जो सीधे फरीदाबाद और मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर निकल सकेंगे। वहीं दूसरा फ्लाईओवर फरीदाबाद और एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को सीधे नोएडा की ओर जोड़ देगा। इससे कालिंदी कुंज चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यह जंक्शन सिग्नल-फ्री बन जाएगा।

क्यों जरूरी था ये प्रोजेक्ट?

कालिंदी कुंज दिल्ली-नोएडा बॉर्डर का सबसे व्यस्त चौराहा है, जहां नोएडा, फरीदाबाद, बदरपुर और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से भारी ट्रैफिक आता है। पीक ऑवर्स में यहां लंबा जाम लगना आम बात है, जिससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।

DPR तैयार, अब जल्द शुरू होगा काम

इस प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) पहले ही तैयार की जा चुकी है। दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस पर चर्चा के बाद इसे मंजूरी दी गई है। अब इसे लागू करने की दिशा में काम शुरू होने की उम्मीद है।

दिल्ली में ट्रैफिक सुधार की बड़ी योजना

यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत दिल्ली के प्रमुख ट्रैफिक जाम वाले इलाकों को सिग्नल-फ्री बनाने पर काम किया जा रहा है। अश्रम-बदरपुर कॉरिडोर समेत कई जगहों पर भी फ्लाईओवर और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार की योजना है।

Latest Business News