1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. तुषार कपूर की प्रॉपर्टी डील ने मचाई हलचल! 559 करोड़ में जापानी कंपनी को सौंपी मुंबई की कमर्शियल बिल्डिंग

तुषार कपूर की प्रॉपर्टी डील ने मचाई हलचल! 559 करोड़ में जापानी कंपनी को सौंपी मुंबई की कमर्शियल बिल्डिंग

बॉलीवुड सितारों की रियल एस्टेट डील्स अक्सर सुर्खियों में रहती हैं, लेकिन इस बार अभिनेता तुषार कपूर की एक प्रॉपर्टी डील ने रियल्टी और कॉरपोरेट जगत में हलचल मचा दी है। तुषार कपूर ने मुंबई में स्थित एक बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी को जापान की दिग्गज कंपनी NTT Group को करीब 559 करोड़ रुपये में बेच दिया है।

तुषार कपूर ने 559 करोड़...- India TV Hindi
Image Source : TUSSHAR KAPOOR INSTAGRAM ACCOUNT तुषार कपूर ने 559 करोड़ में बेची कमर्शियल बिल्डिंग

बॉलीवुड और रियल एस्टेट की दुनिया एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अभिनेता तुषार कपूर ने मुंबई के सबअर्बन इलाके में स्थित अपनी एक बड़ी कमर्शियल प्रॉपर्टी को जापान की दिग्गज कंपनी NTT Group की भारतीय यूनिट को बेच दिया है। इस हाई-वैल्यू डील की कीमत करीब 559 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसने रियल एस्टेट सेक्टर में हलचल मचा दी है।

रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट के मुताबिक, यह सौदा NTT ग्लोबल डेटा सेंटर्स और तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुआ है। तुषार कपूर की इस कंपनी में उनके पिता और दिग्गज अभिनेता जीतेन्द्र की कंपनी पैंथियन बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड की भी हिस्सेदारी है। यह प्रॉपर्टी मुंबई के चांदिवली इलाके में स्थित बालाजी आईटी पार्क में मौजूद है और इसका रजिस्ट्रेशन 9 जनवरी को पूरा किया गया।

डील की पूरी डिटेल

इस डील के तहत जापानी कंपनी ने करीब 30,195 वर्ग मीटर में फैली एक विशाल कमर्शियल जगह खरीदी है। इसमें ग्राउंड प्लस 10 मंजिला DC-10 बिल्डिंग, जिसमें एक डेटा सेंटर संचालित है, के साथ-साथ एक अलग चार मंजिला डीज़ल जनरेटर स्ट्रक्चर भी शामिल है। यह प्रॉपर्टी मौजूदा समय में डेटा सेंटर जैसी हाई-डिमांड इंफ्रास्ट्रक्चर कैटेगरी में आती है, जिससे इसकी वैल्यू और भी ज्यादा बढ़ जाती है।

स्टांप ड्यूटी से राहत

दिलचस्प बात यह है कि इस सौदे पर स्टांप ड्यूटी नहीं लगी। रियल एस्टेट कंसल्टेंट स्क्वायर यार्ड्स के अनुसार, 2024 के एक सरकारी प्रस्ताव के तहत इस तरह के ट्रांजैक्शन को स्टांप ड्यूटी से छूट दी गई है। हालांकि, इस डील में 5.59 लाख रुपये का मेट्रो सेस अदा किया गया है।

पहले भी बड़ा सौदा

रियल एस्टेट बाजार में यह डील इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि इससे पहले मई 2025 में 855 करोड़ रुपये का एक बड़ा सौदा भी इसी सेक्टर में रजिस्टर किया गया था, जो मुंबई में कमर्शियल प्रॉपर्टी की बढ़ती डिमांड को दर्शाता है।

Latest Business News