1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 350 KM/H की रफ्तार! चीन ने पेश की नई बुलेट ट्रेन, 6 घंटे का सफर सिर्फ 1 घंटे में होगा पूरा

350 KM/H की रफ्तार! चीन ने पेश की नई बुलेट ट्रेन, 6 घंटे का सफर सिर्फ 1 घंटे में होगा पूरा

चीन ने अपनी हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को और मजबूत करते हुए 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली नई शीआन-शियान बुलेट ट्रेन शुरू कर दी है। इस ट्रेन के शुरू होने से पहले जहां दोनों शहरों के बीच यात्रा में 6 घंटे से ज्यादा का समय लगता था, वहीं अब यह दूरी महज 1 घंटे में पूरी हो जाएगी।

चीन की नई बुलेट ट्रेन- India TV Hindi
Image Source : POSTED ON X BY @ZHU_JINGYANG चीन की नई बुलेट ट्रेन

अगर कोई ट्रेन 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़े और 6 घंटे का सफर सिर्फ 1 घंटे में पूरा कर दे, तो यह किसी सपने जैसा लगता है। लेकिन चीन ने इसे हकीकत बना दिया है। चीन ने अपनी नई शीआन-शियान (Xi'an-Shiyan) हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन सेवा शुरू कर दी है, जिससे यात्रियों का समय तो बचेगा ही, साथ ही व्यापार, पर्यटन और उद्योग को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

नई हाई-स्पीड रेलवे लाइन करीब 257 किलोमीटर लंबी है और इसे 350 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के लिए तैयार किया गया है। इस रूट पर फूशिंग बुलेट ट्रेनें चलेंगी, जो चीन की सबसे आधुनिक ट्रेनों में गिनी जाती हैं।

6 घंटे का सफर अब सिर्फ 1 घंटे में

इस नई रेल लाइन के शुरू होने से शीआन और शियान के बीच पहले जहां पारंपरिक ट्रेनों से यात्रा में 6 घंटे से ज्यादा लगते थे, वहीं अब यही सफर करीब 1 घंटे में पूरा हो जाएगा। वहीं शीआन से वुहान की यात्रा भी अब 4.5 घंटे की बजाय सिर्फ 2 घंटे 41 मिनट में पूरी हो सकेगी।

पहाड़ों और सुरंगों के बीच बना शानदार रेल कॉरिडोर

इस परियोजना का निर्माण साल 2021 में शुरू हुआ था और इस पर करीब 47.68 अरब युआन (लगभग 7 अरब डॉलर) की लागत आई। रेलवे लाइन का बड़ा हिस्सा कठिन पहाड़ी इलाके से होकर गुजरता है। खास बात यह है कि पूरे रूट का 90% से ज्यादा हिस्सा पुलों और सुरंगों से होकर बनाया गया है, ताकि प्राकृतिक भूभाग को कम से कम नुकसान पहुंचे।

पर्यटन और कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा

नई बुलेट ट्रेन से पश्चिमी, मध्य और पूर्वी चीन के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे सामान की ढुलाई तेज होगी, उद्योगों को नई रफ्तार मिलेगी और निवेश बढ़ने की उम्मीद है। ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए मशहूर शियान क्षेत्र की कंपनियों को देश के दूसरे हिस्सों तक तेजी से पहुंच मिलेगी। इसके अलावा ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

2030 तक हाई-स्पीड नेटवर्क का बड़ा लक्ष्य

यह परियोजना चीन की 2026-2030 परिवहन विकास योजना का हिस्सा है। सरकार का लक्ष्य हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का लगातार विस्तार कर देश के दूरदराज़ इलाकों को भी तेज और आधुनिक रेल सेवा से जोड़ना है। माना जा रहा है कि यह नई बुलेट ट्रेन चीन की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।

यह भी पढ़ें- अगले साल शुरू होगी देश की पहली बुलेट ट्रेन, 100 किमी लंबे सूरत-वापी सेक्शन पर रफ्तार भरेंगी हाई-स्पीड ट्रेन

Latest Business News