दिल्ली में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के फ्लैटों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चालू वित्त वर्ष के शुरुआती 7 महीनों में ही DDA ने पिछले पूरे वित्त वर्ष से ज्यादा फ्लैट बेच दिए हैं। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच प्राधिकरण ने कुल 9,332 फ्लैट बेचे हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 5,198 था। यानी फ्लैटों की बिक्री में करीब 80 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि LIG, MIG और HIG तीनों कैटेगरी में पिछले पूरे साल के मुकाबले ज्यादा बिक्री हो चुकी है।
DDA के आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 9,332 घरों की बिक्री हुई। पिछले साल इसी अवधि में 5,198 फ्लैट बिके थे। इस तरह एक साल में 4,134 ज्यादा फ्लैटों की बिक्री दर्ज की गई है। यह बढ़ोतरी दिल्ली में DDA की हाउसिंग स्कीम के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे को दिखाती है।
LIG, MIG और HIG फ्लैटों की भी बढ़ी डिमांड
DDA की तीन प्रमुख कैटेगरी में भी बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
- LIG फ्लैट: अप्रैल से अक्टूबर के बीच 5,171 फ्लैट बिके, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में 3,547 फ्लैट बिके थे।
- MIG फ्लैट: चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में 1,704 फ्लैट बिके, जबकि पिछले पूरे साल यह आंकड़ा 1,580 था।
- HIG फ्लैट: इस कैटेगरी में 820 फ्लैट बिक चुके हैं, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में 404 फ्लैटों की बिक्री हुई थी।
नरेला बना घर खरीदारों की पहली पसंद
DDA की कुल बिक्री में नरेला की हिस्सेदारी 90 फीसदी से ज्यादा रही है। यहां बेहतर कनेक्टिविटी और तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II), प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और 138 हेक्टेयर में बनने वाला एजुकेशन हब इस इलाके की अहमियत बढ़ा रहे हैं। इसके अलावा यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और हरित क्षेत्र भी विकसित किए जा रहे हैं।
31 दिसंबर तक बुक कर सकेंगे DDA के फ्लैट
घर खरीदने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि DDA ने अपनी तीन हाउसिंग स्कीमों की बुकिंग की तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है। इनमें DDA कर्मयोगी आवास योजना 2025, कर्मजीवी आवास योजना 2026 और नागरिक आवास योजना 2026 शामिल हैं। ग्राहक DDA के आधिकारिक आवास पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। ये फ्लैट फ्रीहोल्ड और रेडी-टू-मूव हैं। इच्छुक खरीदार बुकिंग से पहले सैंपल फ्लैट देखकर भी फैसला ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में घर खरीदने का सपना होगा सच, DDA दे रहा 25% की भारी छूट; सिर्फ ₹14.95 लाख में पाएं अपना फ्लैट
Latest Business News