दिल्ली में रियल एस्टेट निवेशकों और घर खरीदने वालों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ईस्ट दिल्ली में नई हाउसिंग स्कीम की घोषणा की है, जिसमें राजधानी की सबसे ऊंची रेजिडेंशियल टावर में 1000 से ज्यादा फ्लैट्स उपलब्ध होंगे। यह 48 मंजिला टावर 155 मीटर ऊंचा होगा और ईस्ट दिल्ली हब के 30 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाले मॉडर्न टाउनशिप प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस टाउनशिप में रेसिडेंशियल, कमर्शियल और सिविक स्पेस का मिश्रण होगा, जिससे यह दिल्ली के लिए एक आधुनिक और सस्टेनेबल कम्युनिटी बन जाएगी।
प्रोजेक्ट की नींव दिसंबर 2019 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रखी थी। हालांकि, परियोजना में पहले दिल्ली सरकार के समय में फॉरेस्ट क्लियरेंस और जल एवं सीवर लाइसेंस की मंजूरी में देरी हुई थी। अब यह प्रोजेक्ट NBCC के तहत मैनेज किया जा रहा है और नगरजुना कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड द्वारा टावर का निर्माण किया जा रहा है। प्रोजेक्ट में 20,000 वर्ग मीटर का हरा-भरा क्षेत्र होगा, जिसमें जॉगिंग ट्रैक और खुली रिक्रिएशनल स्पेस भी शामिल है।
लोकेशन और कनेक्टिविटी
DDA टॉवरिंग हाइट्स कड़कड़ूमा इंटरचेंज मेट्रो स्टेशन के पास स्थित है, जिससे ब्लू और पिंक लाइन की डायरेक्ट कनेक्टिविटी है। एनएच-9, एनएच-24 और अन्य मेन रोड्स से आसान सड़क संपर्क इसे निवेश और रेजिडेंशियल दोनों के लिए उपयुक्त बनाता है। आनंद विहार रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी की नजदीकी भी इसे खास बनाती है।
कीमत और फ्लैट डिटेल्स
फ्लैट का रिजर्व प्राइस 1.78 करोड़ से 3.09 करोड़ रुपये तक है। फ्लैट साइज 142–250 वर्ग मीटर होगा। भुगतान शर्तों के अनुसार नीलामी के समय 75% भुगतान करना होगा और बाकी 25% जुलाई 2026 तक जमा करना होगा। RH-02 टावर के 30 फ्लैट्स में अतिरिक्त टैरेस स्पेस मिलेगा, जिसकी कीमत ₹2.10 करोड़ से ₹3.09 करोड़ तक है। ध्यान रहे कि रिज़र्व प्राइस में मेंटेनेंस, GST, कन्वर्ज़न फीस और वॉटर कनेक्शन शुल्क शामिल नहीं है।
महत्वपूर्ण तारीखें
- स्कीम लॉन्च: 25 अक्टूबर 2025
- रजिस्ट्रेशन और EMD जमा: 31 अक्टूबर से 21 नवंबर 2025
- अंतिम आवेदन जमा: 24 नवंबर 2025
- ऑनलाइन ई-नीलामी: 1-4 दिसंबर 2025
इच्छुक खरीदार DDA वेबसाइट पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर बयाना राशि जमा करके दिसंबर की नीलामी में हिस्सा लेकर दिल्ली की सबसे ऊंची टावर में अपना फ्लैट सुनिश्चित कर सकते हैं। यह अवसर निवेशकों और घर खरीदने वालों के लिए एक सुनहरा मौका साबित हो सकता है।
Latest Business News