1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में ₹33 लाख में घर खरीदने का सुनहरा मौका! DDA लेकर आया नई हाउसिंग स्कीम, जानें कब से शुरू होगी फ्लैट की बुकिंग?

दिल्ली में ₹33 लाख में घर खरीदने का सुनहरा मौका! DDA लेकर आया नई हाउसिंग स्कीम, जानें कब से शुरू होगी फ्लैट की बुकिंग?

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने 'कर्मजीवी आवास योजना 2026' लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1 से A4 में बने रेडी-टू-मूव 1BHK, 2BHK और 3BHK फ्लैट्स बेचे जाएंगे।

दिल्ली में आ गई DDA की नई...- India TV Hindi
Image Source : DDA OFFICIAL WEBSITE दिल्ली में आ गई DDA की नई हाउसिंग स्कीम

अगर आप दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने कर्मजीवी आवास योजना 2026 लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस योजना के तहत नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1 से A4 में बने रेडी-टू-मूव फ्लैट्स बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि इन फ्लैट्स पर सीधे 25% की छूट दी जा रही है। योजना के तहत 1BHK, 2BHK और 3BHK फ्लैट्स 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दिए जाएंगे।

1224 फ्लैट्स होंगे उपलब्ध, जानें कीमत

इस योजना के तहत कुल 1,224 नए फ्लैट्स बिक्री के लिए रखे गए हैं।

  • 1BHK: 384 फ्लैट, शुरुआती कीमत ₹33.04 लाख
  • 2BHK: 432 फ्लैट, शुरुआती कीमत ₹75.55 लाख
  • 3BHK: 408 फ्लैट, शुरुआती कीमत ₹1.06 करोड़

DDA का कहना है कि सभी फ्लैट्स नए बने हुए हैं और इनमें रहने के लिए तुरंत शिफ्ट किया जा सकता है।

किन लोगों को मिलेगा योजना का लाभ?

यह योजना केंद्र और राज्य सरकार के वर्तमान और सेवानिवृत्त कर्मचारी, पब्लिक अंडरटेकिंग (PSU), सरकारी बैंक, स्वायत्त संस्थानों, सरकारी विश्वविद्यालयों और अस्पतालों के कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, वकील, आर्किटेक्ट, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, प्लानर और अन्य पेशेवर लोग भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।

कब शुरू होगी रजिस्ट्रेशन और बुकिंग?

DDA ने योजना का पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया है।

  • रजिस्ट्रेशन शुरू: 24 जुलाई 2026
  • फ्लैट बुकिंग शुरू: 15 अगस्त 2026 दोपहर 12 बजे
  • योजना की अंतिम तिथि: 30 अक्टूबर 2026

कितना देना होगा रजिस्ट्रेशन और बुकिंग अमाउंट?

आवेदन करने के लिए DDA आवास पोर्टल पर ₹2,500 का एकमुश्त रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। पहले से रजिस्टर्ड लोगों को यह फीस दोबारा नहीं देनी होगी। बुकिंग राशि इस प्रकार तय की गई है-

  • 1BHK: ₹50,000
  • 2BHK: ₹4 लाख
  • 3BHK: ₹10 लाख

यह राशि वापस नहीं होगी, लेकिन सफल बुकिंग होने पर फ्लैट की कुल कीमत में समायोजित कर दी जाएगी।

लोकेशन और कनेक्टिविटी भी बड़ी खास

नरेला का यह प्रोजेक्ट भविष्य के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां से प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर का स्टेशन करीब 1.5 किलोमीटर दूर होगा। इसके अलावा प्रस्तावित RRTS स्टेशन, UER-1, UER-2 और GT करनाल रोड की बेहतर कनेक्टिविटी भी मिलेगी। आसपास शिक्षा हब, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्रस्तावित मल्टी-स्पोर्ट्स स्टेडियम और हरियाली से भरपूर क्षेत्र भी मौजूद हैं, जिससे यह इलाका भविष्य में एक प्रमुख रिहायशी केंद्र बन सकता है।

आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान

आवेदन के समय उम्मीदवारों को अपनी पात्रता से जुड़े डॉक्यूमेंट जैसे शैक्षणिक प्रमाणपत्र, नौकरी या पेशे से संबंधित प्रमाण और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे। DDA ने सभी इच्छुक आवेदकों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले योजना की पूरी गाइडलाइन और नियमों को आधिकारिक वेबसाइट पर ध्यान से पढ़ लें।

यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार ने दी 'परिवर्तन' योजना को मंजूरी, प्रदूषण फैलाने वाले वाहन हटाने पर मिलेगी बंपर छूट

Latest Business News