A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में घर खरीदने का सुनहरा मौका! DDA ने लॉन्च की 741 फ्लैट्स वाली हाउसिंग स्कीम, चेक करें सारी डिटेल्स

दिल्ली में घर खरीदने का सुनहरा मौका! DDA ने लॉन्च की 741 फ्लैट्स वाली हाउसिंग स्कीम, चेक करें सारी डिटेल्स

दिल्ली में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए साल 2026 की शुरुआत एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। DDA ने शनिवार को टावरिंग हाइट्स ईस्ट दिल्ली हब, कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2026 को लॉन्च कर दिया है। इस योजना के तहत ईस्ट दिल्ली के प्राइम लोकेशन में 2BHK फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

DDA ने करकड़डूमा में...- India TV Hindi
Image Source : DDA OFFICIAL WEBSITE DDA ने करकड़डूमा में टावरिंग हाइट्स के दूसरे चरण का शुभारंभ किया।

दिल्ली में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने साल 2026 की बहुप्रतीक्षित टावरिंग हाइट्स ईस्ट दिल्ली हब, कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम को लॉन्च कर दिया है। इस नई आवासीय योजना के तहत आम लोगों को ईस्ट दिल्ली के प्राइम लोकेशन पर 2BHK फ्लैट खरीदने का मौका मिलेगा, वो भी पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर। बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच DDA की यह योजना मिडिल क्लास और निवेशकों दोनों के लिए बेहद आकर्षक मानी जा रही है।

इस हाउसिंग स्कीम के तहत कुल 741 फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। DDA प्रशासन ने इसके लिए पंजीकरण और बुकिंग प्रक्रिया की पूरी रूपरेखा भी तय कर दी है। इच्छुक आवेदक केवल 2500 रुपये के वन-टाइम रजिस्ट्रेशन शुल्क के साथ योजना में आवेदन कर सकते हैं। वहीं, प्रत्येक फ्लैट की बुकिंग के लिए 4 लाख रुपये रुपये जमा करने होंगे। खास बात यह है कि रिटेल कैटेगरी में एक से ज्यादा फ्लैट बुक करने पर कोई रोक नहीं है। एक आवेदक अधिकतम 10 फ्लैट्स तक बुक कर सकता है, जिससे यह स्कीम निवेश के लिहाज से भी काफी अहम हो जाती है।

8 जनवरी से शुरू होगी रजिस्ट्रेशन

DDA के मुताबिक, इस योजना के लिए पंजीकरण 8 जनवरी से शुरू होंगे, जबकि फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया 23 जनवरी से प्रारंभ की जाएगी। यह हाउसिंग स्कीम 31 मार्च तक खुली रहेगी। आवेदकों को योजना से जुड़ा विस्तृत ब्रॉशर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें फ्लैट्स, टॉवर, ब्लॉक और अन्य नियमों की पूरी जानकारी होगी। अधिकारियों का कहना है कि पूरी आवंटन प्रक्रिया पारदर्शी होगी और डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी।

सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान

इस स्कीम में सरकारी कर्मचारियों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। टावरिंग हाइट्स प्रोजेक्ट के एक टॉवर में 107 फ्लैट्स विशेष रूप से सरकारी कर्मचारियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनमें पीरपांजल, विंध्या, शिवालिक और सतपुड़ा जैसे टॉवर शामिल हैं। केंद्रीय और राज्य सरकार, पीएसयू, विश्वविद्यालयों, संस्थानों और स्वायत्त निकायों के कर्मचारी इस ब्लॉक आवंटन का लाभ उठा सकेंगे।

Latest Business News