1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर होगा महंगा, 1 अप्रैल से बढ़ेंगे टोल; देखिए नई रेट लिस्ट

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सफर होगा महंगा, 1 अप्रैल से बढ़ेंगे टोल; देखिए नई रेट लिस्ट

अगर आप भी दिल्ली से मेरठ के बीच रोजाना सफर करते हैं, तो यह खबर आपकी जेब पर असर डालने वाली है। 1 अप्रैल 2026 से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर सफर करना महंगा होने जा रहा है। NHAI ने टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।

दिल्ली-मेरठ...- India TV Hindi
Image Source : NHAI दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर 1 अप्रैल से बढ़ेगा टोल

दिल्ली से मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है। अब इस रूट पर यात्रा करना पहले से महंगा होने वाला है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और NH-9 पर टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है, जो 1 अप्रैल से लागू होगी। इस फैसले का सीधा असर आम यात्रियों की जेब पर पड़ेगा।

नई दरों के अनुसार, दिल्ली से मेरठ तक कार, जीप और वैन जैसे हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 170 रुपये से बढ़ाकर 175 रुपये कर दिया गया है। अगर आप उसी दिन वापसी करते हैं, तो कुल 265 रुपये चुकाने होंगे। वहीं, मासिक पास की कीमत 5,840 रुपये हो गई है और फास्टैग पास अब 3,075 रुपये में मिलेगा।

NH-9 पर भी बढ़ा टोल

सिर्फ एक्सप्रेसवे ही नहीं, बल्कि NH-9 के छिजारसी टोल प्लाजा पर भी दरें बढ़ाई गई हैं। यहां अब 175 रुपये की जगह 180 रुपये टोल देना होगा। यानी हर रूट पर यात्रियों को ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।

मेरठ से अलग-अलग स्थानों के नए रेट

  • मेरठ से इंदिरापुरम: ₹120 (एक तरफ), ₹180 (दोनों तरफ)
  • मेरठ से डूंडाहेड़ा: ₹95 (एक तरफ), ₹140 (दोनों तरफ)
  • मेरठ से डासना: ₹80 (एक तरफ), ₹120 (दोनों तरफ)
  • मेरठ से रसूलपुर सिकरोड: ₹60 (एक तरफ), ₹85 (दोनों तरफ)
  • मेरठ से भोजपुर: ₹25 (एक तरफ), ₹40 (दोनों तरफ)

भारी वाहनों के लिए भी बढ़ा बोझ

लाइट कमर्शियल वाहन, मिनी बस और सामान ढोने वाले वाहनों के लिए भी टोल बढ़ा है। दिल्ली से मेरठ के लिए इन्हें 285 रुपये (एक तरफ) और 425 रुपये (आना-जाना) देना होगा। बस और ट्रक के लिए एक तरफ का टोल 595 रुपये और दोनों तरफ के लिए 890 रुपये तय किया गया है। बड़े मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए यह दर और भी ज्यादा है, जो 1700 रुपये तक पहुंच सकती है।

यात्रियों की जेब पर असर

इस टोल बढ़ोतरी से रोजाना सफर करने वाले लोगों, खासकर ऑफिस जाने वालों और व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से सामान की कीमतों पर भी असर देखने को मिल सकता है।

Latest Business News