1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली मेट्रो का मेगा प्लान! राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पहुंचना होगा आसान, बन रहा 800 मीटर लंबा सबवे

दिल्ली मेट्रो का मेगा प्लान! राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पहुंचना होगा आसान, बन रहा 800 मीटर लंबा सबवे

नोएडा, वैशाली, आनंद विहार और लक्ष्मी नगर से दिल्ली मेट्रो के जरिए एयरपोर्ट टर्मिनल-3 जाने वाले मुसाफिरों के लिए गुड न्यूज है। दिल्ली मेट्रो के फेज-5ए के तहत आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ के बीच बन रहे सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर एक बड़ा ऐतिहासिक काम होने जा रहा है।

राजीव चौक मेट्रो...- India TV Hindi
Image Source : ANI/CANVA राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-3 जाना होगा आसान

दिल्ली मेट्रो यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। आने वाले वर्षों में राजधानी के सबसे व्यस्त मेट्रो स्टेशन राजीव चौक से आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और टर्मिनल-2 तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) फेज-5ए के तहत आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाले नए सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर काम शुरू कर चुका है। इस परियोजना की सबसे खास बात 800 मीटर लंबा सबवे होगा, जो राजीव चौक और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को जोड़ेगा। यह दिल्ली मेट्रो का अब तक का सबसे लंबा सबवे होगा और लाखों यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचाएगा।

एयरपोर्ट पहुंचना होगा बेहद आसान

फिलहाल एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन का शिवाजी स्टेडियम स्टेशन सीधे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से नहीं जुड़ा है। ऐसे में यात्रियों को नई दिल्ली स्टेशन या अन्य इंटरचेंज स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है। नई योजना के तहत राजीव चौक से शिवाजी स्टेडियम स्टेशन तक 800 मीटर लंबा भूमिगत सबवे बनाया जाएगा। इससे वैशाली, आनंद विहार, लक्ष्मी नगर, नोएडा और पूर्वी दिल्ली के अन्य इलाकों से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और टर्मिनल-2 तक पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।

सबवे में मिलेगी ट्रैवलेटर की सुविधा

यात्रियों को लंबी दूरी पैदल न चलनी पड़े, इसके लिए सबवे में आधुनिक ट्रैवलेटर लगाए जाएंगे। ठीक एयरपोर्ट की तरह यात्री इन चलती पट्टियों की मदद से आसानी से एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक पहुंच सकेंगे। इस सुविधा से बुजुर्गों, बच्चों और भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी।

2029 तक तैयार होगा नया कॉरिडोर

डीएमआरसी के अनुसार, आरके आश्रम से इंद्रप्रस्थ तक बनने वाला सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर करीब 9.913 किलोमीटर लंबा होगा। यह पूरी तरह भूमिगत बनाया जाएगा और इसमें कुल नौ स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर पर छह कोच वाली मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा। परियोजना को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के स्टेशन

  • शिवाजी स्टेडियम
  • युगे युगीन भारत
  • केंद्रीय सचिवालय
  • कर्तव्य भवन
  • इंडिया गेट
  • वॉर मेमोरियल-हाई कोर्ट
  • बड़ौदा हाउस
  • भारत मंडपम
  • इंद्रप्रस्थ

चार इंटरचेंज स्टेशन होंगे

  • शिवाजी स्टेडियम: एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन से इंटरचेंज
  • केंद्रीय सचिवालय: येलो और वायलेट लाइन से इंटरचेंज
  • इंद्रप्रस्थ: ब्लू लाइन से इंटरचेंज
  • आरके आश्रम: ब्लू लाइन से इंटरचेंज

राजीव चौक पर कम होगी भीड़

राजीव चौक वर्तमान में कश्मीरी गेट के बाद दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे व्यस्त स्टेशन है। डीएमआरसी का मानना है कि नए कॉरिडोर और एक्स्ट्रा इंटरचेंज सुविधाओं के शुरू होने के बाद यहां यात्रियों का दबाव कम होगा।

Latest Business News