1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली को मिलने जा रहा है सुपर ट्रांसपोर्ट हब! 31 एकड़ में बदलेगा सराय काले खां का नक्शा, पार्किंग से लेकर रिहायशी एरिया तक सबकुछ नया

दिल्ली को मिलने जा रहा है सुपर ट्रांसपोर्ट हब! 31 एकड़ में बदलेगा सराय काले खां का नक्शा, पार्किंग से लेकर रिहायशी एरिया तक सबकुछ नया

दिल्ली के सबसे व्यस्त बस अड्डों में शामिल सराय काले खां जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है। यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को खत्म करने और बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए यहां एक आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।

सराय काले खां बस अड्डे...- India TV Hindi
Image Source : ANI सराय काले खां बस अड्डे का होगा बड़ा कायाकल्प

दिल्ली के सबसे व्यस्त ट्रांसपोर्ट केंद्रों में शामिल सराय काले खां बस अड्डा अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। यहां जल्द ही एक आधुनिक मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ट्रैफिक की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत करीब 31 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में बड़े स्तर पर पुनर्विकास किया जाएगा।

जुलाई तक टेंडर, 2030 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट

दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DTIDC) इस प्रोजेक्ट के लिए जुलाई तक टेंडर जारी करने की तैयारी में है। लक्ष्य रखा गया है कि दिसंबर 2030 तक इस परियोजना को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए। सराय काले खां की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह प्रोजेक्ट बेहद जरूरी माना जा रहा है, क्योंकि यहां रोजाना हजारों यात्रियों को अव्यवस्था के चलते परेशानी उठानी पड़ती है।

दो मंजिला बनेगा बस अड्डा

नई योजना के मुताबिक, यहां दो मंजिला बस अड्डा बनाया जाएगा। ग्राउंड फ्लोर पर 78 बसों की पार्किंग और अपर ग्राउंड पर 77 बसों के खड़े होने की व्यवस्था।इसके अलावा, कॉनकोर्स एरिया में करीब 1500 कारों की पार्किंग बनाई जाएगी, जिससे लोग अपनी गाड़ी पार्क कर दूसरे ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकेंगे।

रिहायशी और कमर्शियल एरिया भी बनेगा

इस प्रोजेक्ट में सिर्फ बस अड्डा ही नहीं, बल्कि रिहायशी फ्लैट, सरकारी आवास और कमर्शियल स्पेस भी विकसित किए जाएंगे। इससे न केवल सुविधाएं बढ़ेंगी, बल्कि आय के नए सोर्स भी बनेंगे। पुनर्विकास के दौरान बस अड्डे को अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा, ताकि निर्माण काम में कोई रुकावट न आए।

सभी ट्रांसपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी

इस हब को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यह रेलवे स्टेशन, मेट्रो, नमो भारत और अन्य साधनों से सीधे जुड़ा होगा। यात्रियों को एक ही जगह पर सभी सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही खाने-पीने और शॉपिंग के लिए भी स्पेस होगा।

Latest Business News