भारत में त्योहारों का सीजन शुरू हो चुका है और नोकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। ऑनलाइन शॉपिंग की बढ़ती मांग को देखते हुए ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) ने 2.50 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा करने का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इनमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी शामिल हैं, जो पहली बार नौकरी की दुनिया में कदम रखेंगे। फेस्टिव सेल के दौरान ऑर्डर बढ़ने की उम्मीद के बीच कंपनी अपने वेयरहाउस से लेकर ग्राहकों के घर तक सामान पहुंचाने वाले नेटवर्क को तेजी से मजबूत कर रही है।
फ्लिपकार्ट के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत करीब 75,000 पदों पर ऐसे लोगों को मौका मिलेगा, जो पहली बार वर्कफोर्स का हिस्सा बनेंगे। यह कुल रोजगार अवसरों का करीब 30 फीसदी है। कंपनी का यह कदम युवाओं और पहली बार नौकरी करने वालों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है। कंपनी की यह हायरिंग देशभर में फैले 7000 से ज्यादा Ekart सुविधाओं से जुड़ी है। इसमें फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशन शामिल हैं। फेस्टिव सीजन में लाखों एक्स्ट्रा ऑर्डर आने की संभावना को देखते हुए इन सभी क्षेत्रों में कर्मचारियों की जरूरत बढ़ाई जा रही है।
सबसे ज्यादा नौकरियां डिलीवरी सेक्टर में
फ्लिपकार्ट ने बताया कि नई नौकरियों में सबसे बड़ा हिस्सा लास्ट-माइल डिलीवरी का होगा। करीब 60 फीसदी नए रोजगार, यानी लगभग 1.4 लाख अवसर, सामान को अंतिम रूप से ग्राहकों तक पहुंचाने वाले काम से जुड़े होंगे। इसके अलावा कंपनी बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 900 से ज्यादा नए फेस्टिव डिलीवरी हब भी जोड़ रही है। खासतौर पर टियर-2 और टियर-3 शहरों में नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। फ्लिपकार्ट मिनट्स की बढ़ती सेवाओं को देखते हुए भी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
सप्लाई चेन में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
कंपनी के सप्लाई चेन वर्कफोर्स में महिलाओं की भागीदारी भी लगातार बढ़ रही है। फ्लिपकार्ट के मुताबिक, अब उसकी सप्लाई चेन में 20 फीसदी से ज्यादा कर्मचारी महिलाएं हैं। फेस्टिव सीजन से पहले ई-कॉमर्स सेक्टर में रोजगार का माहौल काफी मजबूत दिखाई दे रहा है। फ्लिपकार्ट के अलावा अमेजन इंडिया ने भी 1.6 लाख से ज्यादा मौसमी रोजगार अवसर पैदा किए हैं, जबकि मीशो पहले ही 10 लाख से ज्यादा सीजनल जॉब्स तैयार होने की उम्मीद जता चुकी है। ऐसे में त्योहारों की बढ़ती खरीदारी के साथ देशभर में रोजगार के नए अवसर खुलते नजर आ रहे हैं।
इनपुट- PTI
यह भी पढ़ें- SBI करेगा 12,000 कर्मचारियों की भर्ती, 250 नई ब्रांच खोलने की भी प्लानिंग
Latest Business News