दुनिया की सबसे बड़ी और चर्चित युवा अरबपतियों की सूची में भारतीय मूल के कारोबारियों ने एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है। फोर्ब्स की नई 40 अंडर 40 सेल्फ-मेड बिलियनेयर्स लिस्ट में 40 साल से कम उम्र के उन लोगों को शामिल किया गया है, जिन्होंने कम उम्र में अरबों डॉलर की संपत्ति बनाई। इस साल इस सूची में भारतीय मूल के चार उद्यमियों को जगह मिली है, जिनकी कुल संपत्ति 11 अरब डॉलर से ज्यादा है। खास बात यह है कि इनमें भारत में रहकर कारोबार करने वाले अकेले उद्यमी निखिल कामथ हैं।
अंकुर जैन: 3.4 अरब डॉलर की दौलत के साथ 19वें स्थान पर
न्यूयॉर्क स्थित उद्यमी अंकुर जैन (35) इस लिस्ट में 19वें स्थान पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 3.4 अरब डॉलर आंकी गई है। अंकुर जैन बिल्ट रिवॉर्ड्स के फाउंडर और सीईओ हैं, जो किराए पर रहने वालों को रिवॉर्ड्स देने वाला एक अनोखा प्लेटफॉर्म है। निजी निवेशकों के अनुसार, बिल्ट की वैल्यूएशन 10.8 अरब डॉलर तक पहुंच चुकी है। इससे पहले अंकुर ने हुमिन नाम का कॉन्टैक्ट मैनेजमेंट ऐप भी को-फाउंड किया था, जिसे 2016 में टिंडर ने खरीद लिया था। व्हार्टन स्कूल से पढ़े अंकुर, अमेरिकी टेक इकोसिस्टम के प्रभावशाली युवा फाउंडर्स में गिने जाते हैं।
निखिल कामथ: फोब्स लिस्ट में अकेले भारतीय
इस लिस्ट में 20वें स्थान पर निखिल कामथ (39) हैं, जिनकी नेटवर्थ 3.3 अरब डॉलर है। वे बेंगलुरु स्थित डिस्काउंट ब्रोकरेज फर्म जेरोधा के को-फाउंडर और CFO हैं। 2010 में उन्होंने अपने भाई नितिन कामथ के साथ जेरोधा की शुरुआत की थी, जो आज भारत की सबसे बड़ी ब्रोकरेज कंपनियों में से एक है। फोर्ब्स के मुताबिक, जेरोधा की वैल्यूएशन करीब 8 अरब डॉलर आंकी गई है। 2024 में निखिल कामथ ने अपना लोकप्रिय पॉडकास्ट ‘WTF is’ लॉन्च कर पब्लिक प्रोफाइल को और मजबूत किया।
सबसे युवा अरबपति: 22 साल में कमाल
लिस्ट में 27वें स्थान पर संयुक्त रूप से जगह बनाने वाले आदर्श हिरेमथ और सूर्य मिधा (दोनों 22 वर्ष) दुनिया के सबसे युवा अरबपतियों में शामिल हैं। दोनों Mercor नामक AI रिक्रूटमेंट स्टार्टअप के को-फाउंडर हैं, जिसकी शुरुआत 2023 में हुई थी। Mercor सिलिकॉन वैली की बड़ी AI लैब्स को अपने मॉडल ट्रेन करने में मदद करता है। दोनों की पर्सनल नेटवर्थ करीब 1826 करोड़ रुपये आंकी गई है।
Latest Business News