सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए एक बार फिर बड़ी खबर सामने आई है। घरेलू वायदा बाजार MCX में सोमवार सुबह दोनों कीमती धातुओं के भाव तेजी के साथ कारोबार करते नजर आए। कमजोर अमेरिकी डॉलर और सितंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर नरम उम्मीदों से सोने-चांदी को सहारा मिला। हालांकि, अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने बाजार की चिंता भी बढ़ाई है।
MCX पर सुबह 9:15 बजे तक अक्टूबर एक्सपायरी वाला सोना 0.37% बढ़कर ₹1,55,079 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी शुरुआती कारोबार में सोने के भाव में अच्छी तेजी देखने को मिली। इसी तरह सितंबर वायदा चांदी 0.74% चढ़कर ₹2,37,678 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। इस तरह सोमवार की शुरुआत में दोनों कीमती धातुओं में तेजी का रुख रहा।
डॉलर कमजोर हुआ तो सोने को मिला सहारा
सोने की कीमतों में तेजी की एक बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर का कमजोर होना है। जब डॉलर कमजोर होता है, तो दूसरे देशों के लोगों के लिए सोना खरीदना थोड़ा सस्ता हो जाता है। इससे सोने की मांग बढ़ सकती है और कीमतों को सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद भी सोने के लिए अच्छी खबर है। ब्याज दरें कम होने पर निवेशकों का रुझान सोने जैसे निवेश की ओर बढ़ सकता है। यही वजह है कि फिलहाल सोने की कीमतों को मजबूती मिल रही है।
कच्चे तेल ने बढ़ाई चिंता
सोने की तेजी के बीच कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 1% बढ़कर लगभग 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया। अगर तेल महंगा रहता है तो दुनिया के कई देशों में महंगाई बढ़ने का खतरा रहता है। इससे अमेरिकी फेड के लिए ब्याज दरों में कटौती करना मुश्किल हो सकता है, जिसका असर सोने की कीमतों पर पड़ सकता है।
अब अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर नजर
अमेरिका में जुलाई की CPI महंगाई दर सालाना आधार पर 3.4% रही, जो जून के 3.5% से थोड़ी कम है। अब बाजार की नजर 26 अगस्त को जारी होने वाले PCE महंगाई आंकड़ों पर है। यह आंकड़ा फेड की अगली ब्याज दर नीति के संकेत दे सकता है।
अगस्त में अब तक कितने बढ़े दाम?
17 अगस्त को वायदा बाजार (MCX) पर सोने का भाव ₹1,55,079 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इसकी तुलना अगर 3 अगस्त के भाव से करें, तो सोना ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। यानी दो हफ्तों में सोना करीब 13 हजार रुपये मंहगा हो चुका है। MCX पर चांदी के फ्यूचर्स भाव ₹2,37,678 प्रति किग्रा पर पहुंच गए। 3 अगस्त को चांदी ₹2.14 लाख प्रति किग्रा के स्तर पर कारोबार कर रही थी। इस तरह चांदी में भी ₹23,000 से ज्यादा की बड़ी बढ़त देखने को मिली है।
यह भी पढ़ें- सोना-चांदी पर बढ़ी इंपोर्ट ड्यूटी से सरकार की तिजोरी में आए ₹10463 करोड़, सामने आया पूरा आंकड़ा
Latest Business News