सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार से शुरू हुई गिरावट का सिलसिला आज लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। इन 3 दिनों में सोने की कीमतों में 3600 रुपये और चांदी के भाव में 7500 रुपये की गिरावट आ चुकी है। भारत की करेंसी रुपये में लगातार दर्ज की जा रही मजबूती का सोने और चांदी के भाव पर ज्यादा दबाव पड़ रहा है।
आज 1800 रुपये सस्ता हुआ सोना
बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 1800 रुपये टूटकर 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। इससे पहले, इस हफ्ते सोमवार को सोने की कीमतों में 1400 रुपये और मंगलवार को 400 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। इस तरह से, इन 3 दिनों में सोने का भाव 1,54,400 रुपये से 3600 रुपये गिरकर 1,50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोने का भाव 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
बुधवार को चांदी के भाव में 5000 रुपये की बड़ी गिरावट
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट जारी है। बुधवार को चांदी की कीमतें एक झटके में 5000 रुपये गिरकर 2,21,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस हफ्ते सोमवार को चांदी का भाव 2000 रुपये और मंगलवार को 500 रुपये गिर गया था। इस तरह से, इन 3 दिनों में चांदी की कीमतें 2,28,500 रुपये से 7500 रुपये गिरकर 2,21,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 4500 रुपये की तेजी के साथ 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
रुपये में मजबूती से सोने-चांदी पर बढ़ा दबाव
बुधवार को रुपया, डॉलर के मुकाबले 19 पैसे मजबूत होकर 95.17 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। ये लगातार चौथा कारोबारी सत्र था, जब रुपये में तेजी दर्ज की गई। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला है। रिजर्व बैंक ने डॉलर की निकट अवधि की मांग को कम करने और विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी के जोखिम पर काबू पाने के लिए हस्तक्षेप किया। कारोबारियों ने कहा कि रुपये में मजबूती से डॉलर में खरीदे जाने वाले सोने-चांदी जैसी धातुओं का इंपोर्ट सस्ता हो जाता है, जिससे घरेलू बाजार में उनकी कीमतों पर दबाव पड़ता है।
ये भी पढ़ें
21 अक्टूबर को खुलेगा Jio Platforms IPO, कर्मचारियों और रिलायंस के शेयरहोल्डरों के लिए ₹3000 करोड़ तक के शेयर रिजर्व
Latest Business News