1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, चेक करें आज के ताजा भाव

सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, चेक करें आज के ताजा भाव

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 13, 2026 07:07 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 07:07 pm IST

रुपया लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ और 40 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.38 पर बंद हुआ।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, bullion market- India TV Hindi
सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट Image Source : AP

आयात किए जाने वाले सोने पर भारतीय मुद्रा में मजबूती का बुरा असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को, सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। हफ्ते के दूसरे कारोबारी सत्र में सोना 400 रुपये की गिरावट के साथ 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। सोने के अलावा, आज चांदी की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली है।

सोमवार को 1400 रुपये की गिरावट के साथ बंद हुआ था सोने का भाव

ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 400 रुपये गिरकर 1,52,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। बताते चलें कि सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1400 रुपये गिरकर 1,53,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

शुक्रवार की बंपर बढ़त के बाद लगातार दूसरे दिन सस्ती हुई चांदी

मंगलवार को चांदी की कीमतों में भी लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। आज चांदी का दाम 500 रुपये के नुकसान के साथ 2,26,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। सोमवार को चांदी का भाव 2000 रुपये टूटकर 2,26,500 पर बंद हुआ था। इससे पहले, पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी की कीमतें 4500 रुपये की तेजी के साथ 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थीं।

लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ रुपया

बताते चलें कि रुपया लगातार तीसरे दिन मजबूत हुआ और 40 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.38 पर बंद हुआ। भारतीय मुद्रा को रिजर्व बैंक के उन उपायों से ताकत मिल रही है, जिनका उद्देश्य स्पॉट डॉलर की मांग को कम करना और विदेशी मुद्रा बाजार में बहुत ज्यादा पोजीशनिंग पर रोक लगाना था।

पिछले दो सत्रों में रुपये में देखने को मिली 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती

मंगलवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतें दबाव में रहीं क्योंकि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि पिछले दो सत्रों में रुपये में 1.5 प्रतिशत से ज्यादा की मजबूती देखने को मिली है। रुपये की मजबूती से डॉलर-डिनोमिनेटेड बुलियन (सोना-चांदी) के आयात की लागत कम हो जाती है, जिससे घरेलू कीमतों पर असर पड़ता है।

ये भी पढ़ें

₹10 के सिक्कों से खरीदा 1,23,000 रुपये का स्कूटर, शोरूम में लग गया सिक्कों का ढेर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।