1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इंडिगो ने CITI के साथ की $328 मिलियन की फाइनेंस डील, एयरलाइन कंपनी Airbus से खरीदेगी 8 विमान

इंडिगो ने CITI के साथ की $328 मिलियन की फाइनेंस डील, एयरलाइन कंपनी Airbus से खरीदेगी 8 विमान

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 13, 2026 04:37 pm IST,  Updated : Oct 13, 2026 04:37 pm IST

इंडिगो के मुख्य विमान अधिग्रहण एवं वित्तपोषण अधिकारी ने कहा कि सिटी, क्रेडेंडो और एयरबस के साथ ये साझेदारी कंपनी के बढ़ते एयरबस फ्लीट के लिए वित्तपोषण का एक प्रतिस्पर्धी स्रोत उपलब्ध कराती है।

IndiGo, airbus, citi, citi bank, airbus A321- India TV Hindi
इंडिगो ने CITI के साथ की $328 मिलियन की फाइनेंस डील Image Source : INDIGO

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो, यूरोपीय कंपनी एयरबस से 8 छोटे साइज के एयरक्राफ्ट खरीदने जा रही है। इसके लिए इंडिगो ने सिटी के साथ $328 मिलियन की फाइनेंस डील की है। कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, ये बेल्जियम की एक्सपोर्ट क्रेडिट एजेंसी (ECA) Credendo के इंश्योरेंस वाला दुनिया का पहला एयरक्राफ्ट फाइनेंसिंग ट्रांजैक्शन है। इसके साथ ही, GIFT IFSC के जरिए तैयार किया गया पहला ECA समर्थित विमान वित्तपोषण है। 

एयरबस से A321 और A320 एयरक्राफ्ट खरीदेगा इंडिगो

बयान में कहा गया कि इस फाइनेंसिंग से इंडिगो 6 A321 और 2 A320 एयरक्राफ्ट खरीद सकेगी। बयान के अनुसार, ग्लोबल बैंकिंग कंपनी सिटी ने इस डील में एकमात्र प्रमुख व्यवस्था प्रदाता, ईसीए समन्वयक और एकमात्र ऋणदाता की भूमिका निभाई। इस वित्तपोषण को क्रेडेंडो के ऋण बीमा का समर्थन प्राप्त है। बयान में कहा गया कि ये लेनदेन इंडिगो की सब्सिडरी कंपनी इंटरग्लोब एविएशन फाइनेंशियल सर्विसेज IFSC के जरिये पूरा किया गया। 

देश में एविएशन सेक्टर की वृद्धि को मिलेगी ताकत

सिटी इंडिया के सीईओ के. बालासुब्रमण्यम ने कहा, ''सिटी की क्रॉस-बॉर्डर एविएशन और एक्सपोर्ट क्रेडिट फाइनेंसिंग एक्सपर्टीज, क्रेडेंडो के क्रेडिट इंश्योरेंस और इंडिगो के GIFT IFSC प्लेटफॉर्म को एक साथ लाकर इस अनूठे समाधान को तैयार किया गया है। इससे भारत के एविएशन सेक्टर को ग्लोबल लेवल पर उपलब्ध ईसीए के समर्थन वाले फाइनेंसिंग के बड़े स्रोत तक पहुंचने का नया रास्ता मिलेगा और देश में एविएशन सेक्टर की वृद्धि को ताकत मिलेगी। 

बेल्जियम के एविएशन सेक्टर से जुड़े पक्षों के लिए लॉन्ग टर्म पार्टनर बनना क्रेडेंडो का लक्ष्य

क्रेडेंडो के ग्रुप डिप्टी सीईओ फ्रैंक वानविंग ने कहा कि एजेंसी का लक्ष्य बेल्जियम के एविएशन सेक्टर से जुड़े उन पक्षों के लिए लॉन्ग टर्म पार्टनर बनना है, जो अंतरराष्ट्रीय मौकों और इनोवेटिव फाइनेंसिंग व्यवस्थाओं तक पहुंच चाहते हैं। इंडिगो के मुख्य विमान अधिग्रहण एवं वित्तपोषण अधिकारी रियाज पीर मोहम्मद ने कहा कि सिटी, क्रेडेंडो और एयरबस के साथ ये साझेदारी कंपनी के बढ़ते एयरबस फ्लीट के लिए वित्तपोषण का एक प्रतिस्पर्धी स्रोत उपलब्ध कराती है।

मंगलवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुए इंडिगो के शेयर

मंगलवार को बीएसई पर इंडिगो के शेयर 0.02 प्रतिशत (0.75 रुपये) की मामूली तेजी के साथ 4795.75 रुपये के स्तर पर बंद हुए। एयरलाइन कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 5958.75 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 3894.80 रुपये है। बीएसई के मुताबिक, इंडिगो का मौजूदा मार्केट कैप 1,84,439.97 करोड़ रुपये है।

PTI Inputs

ये भी पढ़ें

13 October, 2026 Stock Market Highlights: शेयर बाजार में बंपर बढ़त, आईटी स्टॉक्स बने रॉकेट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।