सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहें जंगल की आग की तरह फैलती हैं और जब बात घर के बजट से जुड़ी रसोई गैस (LPG) की हो, तो घबराहट होना लाजिमी है। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट और कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि सरकार ने गैस सिलेंडर की बुकिंग के नियमों में बड़ा फेरबदल कर दिया है। खबरों में कहा गया कि उज्ज्वला योजना (PMUY) और सामान्य कनेक्शनों के लिए बुकिंग की समय सीमा बदल दी गई है। लेकिन क्या वाकई ऐसा है? सरकार ने अब इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और देश के करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए एक जरूरी स्पष्टीकरण जारी किया है।
भ्रामक खबरों और सोशल मीडिया पोस्ट्स में दावा किया जा रहा था कि उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत अब 45 दिन बाद ही सिलेंडर बुक होगा। जबकि, सामान्य सिंगल सिलेंडर कनेक्शन (Non-PMUY) के लिए 25 दिन की लिमिट तय की गई है। वहीं, डबल सिलेंडर कनेक्शन वालों को 35 दिन का इंतजार करना होगा। इन दावों ने आम जनता के बीच पैनिक बुकिंग का माहौल बना दिया था। लोग डर रहे थे कि कहीं उन्हें समय पर सिलेंडर न मिले।
सरकार ने बताया सच
भारत सरकार ने साफ तौर पर इन खबरों को भ्रामक और गलत करार दिया है। आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एलपीजी रीफिल बुकिंग की समय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मौजूदा नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे, शहरी क्षेत्र बुकिंग की समय सीमा 25 दिन ही बनी रहेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में रीफिल बुकिंग के लिए 45 दिन का नियम ही लागू रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह नियम सभी प्रकार के कनेक्शनों पर लागू होते हैं, चाहे वह उज्ज्वला योजना हो या सामान्य कनेक्शन।
स्टॉक की कोई कमी नहीं, पैनिक बुकिंग से बचें
सरकार ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे ऐसी किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही इसे आगे बढ़ाएं। प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आपूर्ति में कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराहट में आकर बेवजह बुकिंग करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
Latest Business News