ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रोजाना गौर चौक पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से जल्द छुटकारा मिलने वाला है। दरअसल, गौर चौक अंडरपास को आज यानी 5 नवंबर से तीन दिनों के ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। अब इस अंडरपास से वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था की जांच की जाएगी। अगर ट्रायल सफल रहता है तो जल्द ही इसे पूरी तरह आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इससे गौर सिटी और आसपास की सोसायटियों में रहने वाले 2 लाख से ज्यादा लोगों का सफर आसान होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गौर चौक अंडरपास को तीन दिन के ट्रायल पर खोलने का फैसला किया है। इस दौरान अलग-अलग तरह के वाहनों की आवाजाही और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। अधिकारियों की टीम सुरक्षा व्यवस्था, साइन बोर्ड, लाइटिंग, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन की जांच करेगी। ट्रायल के दौरान अगर कोई कमी सामने आती है तो उसे दूर किया जाएगा। फिलहाल अंडरपास को स्थायी रूप से खोलने की तारीख तय नहीं हुई है।
दो लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा फायदा
गौर चौक ग्रेटर नोएडा वेस्ट का एक प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट है। यहां से चार मूर्ति गोलचक्कर, किसान चौक, एक मूर्ति गोलचक्कर और नोएडा की तरफ जाने वाले वाहन गुजरते हैं। सुबह और शाम ऑफिस आने-जाने के समय यहां वाहनों का भारी दबाव रहता है। इसकी वजह से लोगों को रोजाना लंबे जाम में फंसना पड़ता है। अंडरपास शुरू होने के बाद वाहनों को गौर चौक पर लगने वाले ट्रैफिक के बीच से गुजरने की जरूरत कम होगी। इससे गौर सिटी और आसपास की विभिन्न सोसायटियों में रहने वाले दो लाख से अधिक लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दिवाली बाद सीएम योगी कर सकते हैं उद्घाटन
इस अंडरपास का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिवाली के बाद कर सकते हैं। उनका 12 नवंबर को जिले का दौरा प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस दौरान वह गौर चौक अंडरपास को जनता को समर्पित कर सकते हैं। हालांकि, उद्घाटन को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
100 करोड़ रुपये की लागत से हुआ निर्माण
करीब 700 मीटर लंबे इस अंडरपास के निर्माण पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। अंडरपास को आकर्षक बनाने के लिए इसकी दीवारों पर रंग-बिरंगी पेंटिंग भी बनाई गई हैं। इनमें भगवान बुद्ध और प्राकृतिक दृश्यों को दर्शाया गया है।
यह भी पढ़ें- नोएडा में खुलेंगे 4 ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर, ₹1710 करोड़ का होगा निवेश; ग्रेटर नोएडा में बनेगा आधुनिक रोबोटिक्स पार्क
Latest Business News