1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अगस्त में टैक्स से सरकार की बंपर कमाई! GST कलेक्शन में 14.8% उछाल, ₹2 लाख करोड़ के करीब पहुंचा आंकड़ा

अगस्त में टैक्स से सरकार की बंपर कमाई! GST कलेक्शन में 14.8% उछाल, ₹2 लाख करोड़ के करीब पहुंचा आंकड़ा

अगस्त में सरकार के खजाने में GST के जरिए बंपर रकम आई है। मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन सालाना आधार पर 14.8% बढ़कर ₹1,99,853 करोड़ पहुंच गया।

GST कलेक्शन में बंपर...- India TV Hindi
Image Source : CANVA GST कलेक्शन में बंपर उछाल

अगस्त महीने में सरकार को टैक्स के मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी मिली है। जीएसटी कलेक्शन में सालाना आधार पर 14.8 फीसदी की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगस्त 2026 में देश का ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन करीब 2 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। हालांकि, जुलाई के मुकाबले इसमें कमी आई है।

सरकार के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त 2026 में ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू ₹1,99,853 करोड़ रहा। पिछले साल अगस्त में यह ₹1,74,116 करोड़ था। यानी एक साल में जीएसटी कलेक्शन करीब 14.8 फीसदी बढ़ा है। हालांकि, जुलाई 2026 में सरकार को ₹2.11 लाख करोड़ का जीएसटी मिला था

इंपोर्ट जीएसटी ने बढ़ाया कलेक्शन

अगस्त में जीएसटी कलेक्शन बढ़ाने में आयात से मिलने वाले राजस्व की बड़ी भूमिका रही। ग्रॉस इंपोर्ट जीएसटी 29 फीसदी बढ़कर ₹62,604 करोड़ हो गया। अगस्त 2025 में यह आंकड़ा ₹48,546 करोड़ था। वहीं, घरेलू जीएसटी रेवेन्यू भी बढ़ा है। अगस्त में घरेलू ग्रॉस रेवेन्यू 9.3 फीसदी बढ़कर ₹1,37,249 करोड़ हो गया, जो पिछले साल इसी महीने ₹1,25,570 करोड़ था।

CGST, SGST और IGST से कितनी कमाई?

अगस्त में सरकार को सीजीएसटी  से ₹38,413 करोड़, एसजीएसटी से ₹46,316 करोड़ और आईजीएसटी से ₹52,520 करोड़ मिले। कुल ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू में आयात से मिलने वाले टैक्स का हिस्सा भी काफी मजबूत रहा। अप्रैल से अगस्त 2026 तक कुल ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 11 फीसदी बढ़कर ₹10,42,757 करोड़ हो चुका है। इससे चालू वित्त वर्ष में टैक्स कलेक्शन की मजबूत तस्वीर सामने आती है।

रिफंड भी तेजी से बढ़ा

सरकार ने अगस्त में जीएसटी के तहत ₹31,795 करोड़ का रिफंड जारी किया। यह पिछले साल अगस्त के ₹18,935 करोड़ से 67.9 फीसदी ज्यादा है। घरेलू रिफंड 72.6 फीसदी बढ़कर ₹18,490 करोड़ रहा, जबकि ICEGATE के जरिए एक्सपोर्ट रिफंड 61.8 फीसदी बढ़कर ₹13,305 करोड़ हो गया। रिफंड को घटाने के बाद अगस्त में नेट जीएसटी कलेक्शन ₹1,68,057 करोड़ रहा। यह अगस्त 2025 के ₹1,55,181 करोड़ के मुकाबले 8.3 फीसदी अधिक है।

12 सितंबर को होगी जीएसटी काउंसिल की बैठक

जीएसटी से जुड़ी अगली बड़ी नजर 12 सितंबर 2026 को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक पर रहेगी। 57वीं जीएसटी काउंसिल बैठक नई दिल्ली में होगी। इससे एक दिन पहले यानी 11 सितंबर को अधिकारियों की बैठक भी प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें- अप्रैल-जून तिमाही में 7.8% की दर से बढ़ी देश की GDP, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत का दबदबा कायम

Latest Business News