1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर हाईटेक होगा टोल सिस्टम, प्लाजा पर पहुंचने से पहले ही फास्टैग से कट जाएगा पैसा!

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर हाईटेक होगा टोल सिस्टम, प्लाजा पर पहुंचने से पहले ही फास्टैग से कट जाएगा पैसा!

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर अत्याधुनिक टोल सिस्टम लगाया जा रहा है, जिसकी मदद से वाहन चालकों को टोल चुकाने के लिए रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वाहन के टोल प्लाजा तक पहुंचने से पहले ही उसका नंबर और फास्टैग स्कैन हो जाएगा और टोल फीस अपने आप कट जाएगा।

लखनऊ-कानपुर...- India TV Hindi
Image Source : NHAI लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर टोल सिस्टम

उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर एक बड़ी और दिलचस्प जानकारी सामने आई है। अभी इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन भी नहीं हुआ है, लेकिन इसे देश के सबसे आधुनिक और स्मार्ट हाईवे में शामिल करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुककर लंबी कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अत्याधुनिक तकनीक की मदद से वाहन के टोल प्लाजा तक पहुंचने से पहले ही उसका टोल टैक्स कट जाएगा और बैरियर अपने आप खुल जाएगा।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक आधारित हाईटेक टोल सिस्टम लगाया गया है। जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा के करीब पहुंचेगा, वहां लगे कैमरे उसकी नंबर प्लेट को स्कैन कर लेंगे। इसके साथ ही फास्टैग को भी रीड किया जाएगा और टोल फीस अपने आप कट जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वाहन को रुकने की जरूरत नहीं होगी। टोल प्लाजा से कुछ मीटर पहले ही बैरियर खुल जाएगा और वाहन सीधे अपनी यात्रा जारी रख सकेगा। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में यह पहला एक्सप्रेसवे होगा जहां इस स्तर की स्मार्ट टोल व्यवस्था देखने को मिलेगी।

तेज रफ्तार वाहनों को ध्यान में रखकर तैयार सिस्टम

एक्सप्रेसवे पर कार, एसयूवी और जीप जैसी निजी गाड़ियों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। वहीं, कॉमर्शियल वाहनों को 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की अनुमति होगी। इतनी तेज गति पर भी टोल कलेक्शन में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए एक्सप्रेसवे पर पहले से ही हाई-रिजॉल्यूशन एएनपीआर कैमरे लगाए जा चुके हैं। ये कैमरे तेज रफ्तार में चल रहे वाहनों की नंबर प्लेट को आसानी से पहचान सकते हैं।

हाईटेक तकनीक से बनी है सड़क

इस एक्सप्रेसवे के निर्माण में आधुनिक इंजीनियरिंग और एडवांस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। टेस्ट ड्राइव के दौरान पाया गया कि 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर भी वाहन में कंपन महसूस नहीं होता और ड्राइवर को वाहन कंट्रोल करने में कोई परेशानी नहीं होती। जानकारी के मुताबिक टेस्ट के दौरान कुछ एसयूवी 150 किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति पर भी चलाई गईं, लेकिन सड़क की क्वालिटी और स्थिरता प्रभावित नहीं हुई। कई ड्राइवरों का कहना है कि 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पर भी वाहन काफी धीमा महसूस होता है।

उद्घाटन का इंतजार, लोगों में बढ़ा उत्साह

हालांकि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का औपचारिक उद्घाटन अभी नहीं हुआ है, लेकिन इसकी आधुनिक सुविधाओं और हाईटेक टोल सिस्टम की जानकारी सामने आने के बाद लोगों में उत्साह बढ़ गया है।

Latest Business News