A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LPG-PNG New Rules: एक ही पते पर दो गैस कनेक्शन पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, तेल कंपनियों ने दिया आखिरी मौका

LPG-PNG New Rules: एक ही पते पर दो गैस कनेक्शन पाए जाने पर होगी कड़ी कार्रवाई, तेल कंपनियों ने दिया आखिरी मौका

रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है। तेल कंपनियां अब गैस कनेक्शन नियमों को और सख्त करने जा रही हैं। नए नियमों के तहत जिन घरों में PNG की सुविधा पहले से मौजूद है और उसका उपयोग हो रहा है, वहां ज्यादा LPG कनेक्शन रखने पर कार्रवाई की जा सकती है।

एक घर में दो गैस...- India TV Hindi
Image Source : CANVA एक घर में दो गैस कनेक्शन रखना पड़ेगा महंगा!

यदि आपके घर में भी पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का कनेक्शन है और आपने बैकअप के तौर पर पुराना एलपीजी (LPG) सिलेंडर भी संभाल कर रखा है, तो सावधान हो जाइए। 1 जून से रसोई गैस कनेक्शन के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, जो सीधे आपकी जेब और घर की व्यवस्था पर असर डालेगा। पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट और वैश्विक तेल आपूर्ति की स्थिति को देखते हुए देश की सरकारी तेल कंपनियों ने दोहरे गैस कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं पर सख्ती शुरू कर दी है। कंपनियों ने साफ कर दिया है कि अब एक ही पते पर दो अलग-अलग प्रकार के गैस कनेक्शनों की अनुमति नहीं दी जाएगी।

तेल कंपनियों द्वारा जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, जिन घरों में पीएनजी की सुविधा पहले से मौजूद है और वह पूरी तरह एक्टिव है, उन उपभोक्ताओं को अपना पुराना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। कंपनियों ने ऐसे दोहरे कनेक्शन वाले परिवारों को अपनी मर्जी से एक्स्ट्रा सिलेंडर लौटाने के लिए 30 दिनों का आखिरी मौका दिया है।

उपभोक्ताओं से अपील

सार्वजनिक सूचना जारी कर उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इस तय समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से अपना एक्स्ट्रा कनेक्शन सरेंडर कर दें। 1 जून से तेल कंपनियां देश भर में एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही हैं, जिसके तहत ऐसे घरों को चिह्नित किया जाएगा जहां एक ही एड्रेस पर दोनों सुविधाओं का अवैध रूप से लाभ उठाया जा रहा है। पकड़े जाने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

सरेंडर करने पर मिलेगा ट्रांसफर वाउचर

इस कड़े नियम के बीच आम उपभोक्ताओं को किसी तरह का नुकसान न हो, इसके लिए तेल कंपनियों ने एक बड़ी राहत भी दी है। नए नियम के तहत, जो भी उपभोक्ता अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करेगा, उसे कंपनी की तरफ से एक ट्रांसफर वाउचर जारी किया जाएगा। इस वाउचर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यदि भविष्य में आपका ट्रांसफर किसी दूसरे शहर में होता है या आप किसी ऐसे इलाके में शिफ्ट होते हैं जहां पीएनजी की पाइपलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो आप इसी वाउचर को दिखाकर बिना किसी एक्स्ट्रा सिक्योरिटी डिपॉजिट के अपना एलपीजी कनेक्शन दोबारा तुरंत एक्टिव करा सकेंगे। इसलिए उपभोक्ताओं को परेशान होने या कनेक्शन डूबने की चिंता करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है।

Latest Business News