त्योहारों का सीजन आते ही ऑनलाइन शॉपिंग की रफ्तार बढ़ जाती है। दिवाली और अन्य त्योहारों से पहले ई-कॉमर्स कंपनियां बढ़ती डिमांड को पूरा करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर रही हैं। इसका असर अब रोजगार के मौके पर भी दिखाई दे रहा है। फ्लिपकार्ट के बाद फैशन और लाइफस्टाइल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिंत्रा (Myntra) ने 26,000 से ज्यादा मौसमी रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। कंपनी के मुताबिक, यह संख्या पिछले साल की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है।
मिंत्रा ने अपने ‘बिग फैशन फेस्टिवल’ से पहले 26,000 से ज्यादा सीजनल रोजगार के अवसर तैयार किए हैं। इन नौकरियों में सप्लाई चेन और डिलीवरी से लेकर कस्टमर सर्विस तक कई तरह के काम शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि इस साल की सीजनल हायरिंग पिछले साल के मुकाबले दो गुना से ज्यादा है। कंपनी के अनुसार, कुल मौसमी पदों में 350 से ज्यादा भूमिकाएं दिव्यांगजनों के लिए रखी गई हैं। वहीं, फुलफिलमेंट सेंटर में काम करने वाले कर्मचारियों में 30 फीसदी महिलाएं होंगी।
डिलीवरी से कस्टमर सर्विस तक नौकरियां
इन मौसमी नौकरियों में सामान की सॉर्टिंग, ग्रेडिंग और पैकिंग जैसे सप्लाई चेन से जुड़े काम शामिल हैं। इसके अलावा करीब 8,000 डिलीवरी पार्टनर्स और 2,700 कस्टमर सर्विस रोल्स भी इस सीजनल वर्कफोर्स का हिस्सा होंगे। मिंत्रा ने ओडिशा, कर्नाटक, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों से लोगों की भर्ती की है। ये कर्मचारी बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, बिलासपुर और बिनोला स्थित पांच फुलफिलमेंट हब में कंपनी के ऑपरेशन को संभालने में मदद करेंगे।
फेस्टिव सीजन में बढ़ेगी डिलीवरी क्षमता
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन ऑर्डर बढ़ने के साथ कंपनियों पर समय पर डिलीवरी करने का दबाव भी बढ़ता है। मिंत्रा के मुताबिक, अतिरिक्त कर्मचारियों से उसकी सप्लाई चेन और डिलीवरी क्षमता मजबूत होगी। इससे चुनिंदा जगहों पर M-एक्सप्रेस जैसी एक्सप्रेस डिलीवरी सर्विस को भी सपोर्ट मिलेगा, जिसमें 24 से 48 घंटे में सामान पहुंचाने की सुविधा है।
फ्लिपकार्ट ने भी बढ़ाए रोजगार के मौके
इससे पहले फ्लिपकार्ट ने फेस्टिव सीजन की बढ़ती मांग को देखते हुए 2.50 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा करने की जानकारी दी थी। इनमें करीब 75,000 मौके पहली बार वर्कफोर्स में शामिल होने वाले लोगों के लिए बताए गए हैं। फ्लिपकार्ट की यह भर्ती देशभर में उसके 7,000 से ज्यादा ई-कार्ट फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशन से जुड़ी है। ऐसे में इस साल फेस्टिव सीजन सिर्फ ऑनलाइन शॉपिंग ही नहीं, बल्कि मौसमी रोजगार के लिहाज से भी अहम दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़ें- SBI करेगा 12,000 कर्मचारियों की भर्ती, 250 नई ब्रांच खोलने की भी प्लानिंग
Latest Business News