1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Hurun Global Rich List 2026: मुकेश अंबानी फिर बने एशिया के 'सुल्तान'! अडानी की नेटवर्थ में आई 14% की गिरावट; देखें भारत के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट

Hurun Global Rich List 2026: मुकेश अंबानी फिर बने एशिया के 'सुल्तान'! अडानी की नेटवर्थ में आई 14% की गिरावट; देखें भारत के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई सूची सामने आ गई है। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 में भारत ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। इस साल भारत में अरबपतियों की संख्या बढ़कर 308 हो गई है, जिससे देश दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

हुरुन ग्लोबल रिच...- India TV Hindi
Image Source : ANI हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की नई लिस्ट सामने आ गई है। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक भारत में अरबपतियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब देश में कुल 308 अरबपति हो गए हैं, जिससे भारत दुनिया में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस लिस्ट में पहले स्थान पर चीन और दूसरे स्थान पर अमेरिका है। रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल लेवल पर पहली बार अरबपतियों की संख्या 4000 के पार पहुंच गई है। इस साल दुनिया में कुल 4020 अरबपति दर्ज किए गए हैं, जो पिछले साल के मुकाबले 578 ज्यादा हैं।

भारत में बढ़ी अरबपतियों की संख्या

रिपोर्ट के अनुसार भारत में इस साल 24 नए अरबपति जुड़े हैं और 57 नए लोग पहली बार लिस्ट में शामिल हुए हैं। इससे साफ है कि देश में अलग-अलग सेक्टर में तेजी से संपत्ति का निर्माण हो रहा है। भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 112.6 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 10% ज्यादा है। हेल्थकेयर, इंडस्ट्रियल प्रोडक्ट्स और कंज्यूमर गुड्स जैसे सेक्टर ने इस दौलत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

मुकेश अंबानी बने भारत और एशिया के सबसे अमीर

रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी एक बार फिर भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति करीब 9.8 लाख करोड़ रुपये है, जो पिछले साल से करीब 9% ज्यादा है। वहीं गौतम अडानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, हालांकि उनकी संपत्ति में 14% की गिरावट आई है और उनकी कुल दौलत लगभग 7.5 लाख करोड़ रुपये रह गई है।

भारत के टॉप-10 सबसे अमीर लोग

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2026 के अनुसार भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची इस प्रकार है:

  • मुकेश अंबानी एंड फैमली - 9.8 लाख करोड़
  • गौतम अडानी एंड फैमली - 7.5 लाख करोड़
  • रोशनी नादर मल्होत्रा एंड फैमली - 3.2 लाख करोड़
  • साइरस एस. पूनावाला एंड फैमली - 3 लाख करोड़
  • कुमार मंगलम बिड़ला एंड फैमली - 2.5 लाख करोड़
  • दिलीप सांघवी एंड फैमली - 2.3 लाख करोड़
  • अजीम प्रेमजी एंड फैमली - 2.3 लाख करोड़
  • नीरज बजाज एंड फैमली - 2.2 लाख करोड़
  • अशोक पी. हिंदुजा एंड फैमली - 2.2 लाख करोड़
  • राधाकिशन दमानी एंड फैमली - 1.5 लाख करोड़

इस लिस्ट में रोशनी नादर मल्होत्रा टॉप-10 में शामिल होने वाली एकमात्र महिला हैं। वहीं साइरस पूनावाला की संपत्ति में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है और उनकी दौलत करीब 44% बढ़कर 3 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

मुंबई बना भारत का सबसे अमीर शहर

भारत में अरबपतियों के मामले में मुंबई सबसे आगे है। यहां 95 अरबपति रहते हैं। हालांकि वैश्विक स्तर पर अरबपतियों वाले शहरों की लिस्ट में मुंबई छठे स्थान पर है।

दुनिया में कौन है सबसे अमीर?

वैश्विक स्तर पर एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। उनकी संपत्ति में जबरदस्त उछाल आया है। इसके बाद जेफ बेजोस और लैरी पेज का नाम आता है।

Latest Business News