केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 (T2) की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। ये टर्मिनल रविवार, 26 अक्टूबर से यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा लगभग 4 दशक पहले बनाया गया ये टर्मिनल इस साल अप्रैल में नवीनीकरण कार्यों के लिए बंद किया गया था। अब इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है।
सालाना 1.5 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा टर्मिनल-2
दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 की सालाना क्षमता लगभग 1.5 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया के सबसे बड़े नागरिक विमानन तंत्र में से एक बन सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी स्थानांतरण प्रणाली को ज्यादा कुशल और सुचारु बनाया जाना चाहिए।
Image Source : India TVदिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-2
पसंदीदा स्थानांतरण केंद्र के रूप में उभर रहा है दिल्ली
केंद्रीय मंत्री ने ये भी बताया कि अगर हवाई अड्डे की जगह का सही और प्रभावी इस्तेमाल किया जाए, तो दिल्ली हवाई अड्डा सालाना लगभग 13 करोड़ यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्व स्तर पर स्वीकृत और राष्ट्रव्यापी सम्मानित नेतृत्व में, हम अपने हवाई अड्डों को अभूतपूर्व गति से विश्वस्तरीय पारगमन केंद्रों में विकसित और परिवर्तित कर रहे हैं। उत्तरी क्षेत्र के कुल यात्री यातायात का लगभग 50 प्रतिशत संभालने और प्रतिदिन लगभग 50,000 स्थानांतरणों का प्रबंधन करने के साथ, दिल्ली एक पसंदीदा स्थानांतरण केंद्र के रूप में उभर रहा है और मेरा मानना है कि ये केवल DIAL द्वारा बुनियादी ढांचे को उन्नत करने और यात्री प्रवाह बढ़ाने के निरंतर प्रयास के कारण ही संभव हो पाया है।''
Image Source : India TVदिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-2
नए सिरे से परिकल्पित और पुनर्जीवित किया गया है 40 साल पुराना टर्मिनल 2
राममोहन नायडू ने आगे कहा, ''अब दिल्ली के 40 साल पुराने टर्मिनल 2 को आधुनिक आकांक्षाओं और बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए नए सिरे से परिकल्पित और पुनर्जीवित किया गया है। मैं टर्मिनल-2 के कुशल, स्मार्ट और यात्री-केंद्रित आधुनिकीकरण काम के लिए DIAL और GMR को हार्दिक बधाई और गहरी प्रशंसा व्यक्त करता हूं। यहां से गुजरने वाला प्रत्येक यात्री एक जुड़े हुए, प्रतिस्पर्धी और देखभाल करने वाले भारत का सार अनुभव करेगा।''
Image Source : India TVदिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-2
10 करोड़ से ज्यादा है आईजीआई एयरपोर्ट की सालाना क्षमता
राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) में 3 टर्मिनल - T1, T2 और T3 हैं। दिल्ली से उड़ान भरने वाली सभी इंटरनेशनल फ्लाइट्स टर्मिनल-3 से ऑपरेट की जाती हैं। देश की राजधानी दिल्ली के इस एयरपोर्ट में कुल 4 रनवे हैं। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट का सालाना यात्री संचालन क्षमता 10 करोड़ से ज्यादा है।
Image Source : India TVदिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-2
रविवार से दिल्ली एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल से सेवाएं शुरू करेगा इंडिगो
इंडिगो ने इसी हफ्ते मंगलवार को कहा था कि वो 26 अक्टूबर से दिल्ली हवाई अड्डे के तीनों टर्मिनल से फ्लाइट ऑपरेट करना शुरू कर देगा। एक बयान में एयरलाइन कंपनी ने कहा कि वो दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से 6E 2000 - 6E 2999 नंबर वाली फ्लाइट्स और टर्मिनल-3 से सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ, 6E 5000 - 6E 5999 नंबर वाली उड़ानें संचालित करेगा। अन्य सभी घरेलू उड़ानें टर्मिनल-1 से संचालित होती रहेंगी। बताते चलें कि इंडिगो, आईजीआई एयपोर्ट से हर हफ्ते लगभग 1,700 उड़ानें संचालित करेगा। देश की ये सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी रोजाना 2,200 से ज्यादा उड़ानें संचालित करती है।
Latest Business News