नई दिल्ली: सऊदी अरब में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द कर दी हैं। इससे पहले एयरलाइन ने इन शहरों के लिए उड़ानें 27 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। अब इस अवधि को बढ़ा दिया गया है। रियाद के लिए भी IndiGo की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इस बीच, सऊदी अरब में फंसे भारतीय नागरिकों, खासकर उमरा यात्रियों की मदद के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
IndiGo ने क्यों बढ़ाई उड़ानें रद्द करने की अवधि?
IndiGo ने यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी कर कहा कि सऊदी अरब की बदलती सुरक्षा स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है। एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित उड़ान संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। सऊदी अरब में भारतीय दूतावास ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली IndiGo की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
Akasa Air ने भी बढ़ाई उड़ानों पर रोक
सऊदी अरब की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए Akasa Air ने भी अपनी उड़ानों पर लगी रोक बढ़ा दी है। एयरलाइन ने शुक्रवार को बताया कि जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 10 नवंबर तक और रियाद के लिए उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द रहेंगी। इन फैसलों से प्रभावित यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
उमरा यात्रियों की मदद के लिए दूतावास सक्रिय
उड़ानें रद्द होने से परेशान भारतीय नागरिकों, खासकर उमरा करने गए यात्रियों की सहायता के लिए जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सक्रिय है। दूतावास ने बताया कि जेद्दा और मक्का में उसके नियंत्रण कक्ष 24 घंटे काम कर रहे हैं। भारतीय समुदाय के संगठनों और स्वयंसेवकों की मदद से जरूरतमंद लोगों को भोजन, जरूरी दवाएं और तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। दूतावास ने कहा कि वह सऊदी अरब के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। इसमें हज और उमरा मंत्रालय तथा विदेश मंत्रालय शामिल हैं।
होटल या दूसरी सुविधाओं की समस्या हो तो यहां करें संपर्क
दूतावास ने बताया कि अधिक समय तक रुकने के कारण जिन उमरा यात्रियों को रहने या अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, वे सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्रालय के पिलग्रिम केयर सेंटर के नंबर 1966 पर संपर्क कर सकते हैं। यह नंबर सऊदी अरब के भीतर उपलब्ध है। यात्री अपनी शिकायत दर्ज कराकर एक केस रेफरेंस नंबर प्राप्त कर सकते हैं। दूतावास ने सलाह दी है कि इस नंबर को जेद्दा या मक्का स्थित भारतीय नियंत्रण कक्ष के साथ साझा करें, ताकि उनकी शिकायत पर आगे कार्रवाई की जा सके।
टिकट के रिफंड और भारत वापसी के लिए भी प्रयास
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने बताया कि वह यात्रियों के टिकट के रिफंड से जुड़े मामलों पर भारतीय एयरलाइंस के साथ लगातार बातचीत कर रहा है। इसके अलावा, भारतीय उमरा टूर ऑपरेटरों को उन एयरलाइंस से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिनकी भारत के लिए उड़ानें अभी संचालित हो रही हैं। हालांकि, वैकल्पिक उड़ानों से यात्रा की व्यवस्था सीटों की उपलब्धता, लागू किराये और संबंधित एयरलाइन के नियमों पर निर्भर करेगी।
भारतीय यात्रियों की वापसी के लिए भी हो रहा है काम
दूतावास ने प्रभावित यात्रियों से अपनी एयरलाइन, ट्रैवल एजेंट और उमरा सेवा प्रदाता के संपर्क में रहने को कहा है। उसका कहना है कि सऊदी अरब में फंसे भारतीय नागरिकों की जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। इससे पहले, भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को कहा था कि सऊदी अरब में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास वहां फंसे भारतीय यात्रियों की वापसी के लिए एयरलाइंस और टूर ऑपरेटरों के साथ समन्वय कर रहे हैं।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- सऊदी अरब जाने या वहां से भारत लौटने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति एयरलाइन से जांच लें।
- उड़ान रद्द होने पर टिकट बदलने, दोबारा बुकिंग और रिफंड के लिए संबंधित एयरलाइन या ट्रैवल एजेंट से संपर्क करें।
- उमरा यात्रियों को रहने या अन्य सेवाओं में परेशानी होने पर सऊदी अरब के भीतर 1966 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
- भारतीय नागरिक सहायता के लिए जेद्दा और मक्का स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के 24 घंटे सक्रिय नियंत्रण कक्षों से संपर्क कर सकते हैं।
मक्का में 'हवाई खतरे' का अलर्ट, बाद में स्थिति सामान्य
इस बीच, शनिवार को सऊदी अरब के मक्का शहर में संभावित हवाई खतरे को लेकर आपातकालीन अलर्ट जारी किया गया था। सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय ने मक्का प्रांत में लोगों को संभावित खतरे के प्रति आगाह किया। बाद में अधिकारियों ने बताया कि खतरा टल गया है। सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पहले कहा कि राष्ट्रीय प्रारंभिक चेतावनी प्लेटफॉर्म के माध्यम से मक्का प्रांत में संभावित खतरे की सूचना दी गई है। इसके बाद एक अन्य पोस्ट में बताया गया कि खतरा समाप्त हो गया है। बता दें कि हूती विद्रोही सऊदी अरब के एयरपोर्ट्स को लगातार निशाना बना रहे हैं।
हूती विद्रोहियों की मिसाइलों को सऊदी एयर डिफेंस ने किया नष्ट
जेद्दा, यानबू और ताइफ के क्षेत्रों में भी अलर्ट जारी किए गए थे। बाद में इन इलाकों में भी खतरा टलने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने, भीड़ जुटाने और घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करने से बचने की अपील की। आपात स्थिति में 911 पर फोन करने की सलाह भी दी गई। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि सऊदी अरब के ताइफ और यानबू शहरों की ओर हूती विद्रोहियों द्वारा दागी गईं दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवाई रक्षा प्रणाली ने रोककर नष्ट कर दिया।
ये भी पढ़ें: लखनऊ एयरपोर्ट से फिर शुरू होगी बैंकॉक की डायरेक्ट फ्लाइट, डेली फ्लाइट मूवमेंट में भी होगी बढ़ोतरी
Latest Business News