Jio Platforms IPO Listing: शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स की हुई धमाकेदार एंट्री, IPO प्राइस से 21% प्रीमियम पर लिस्ट हुए शेयर; निवेशकों की हुई चांदी
भारतीय शेयर बाजार में मुकेश अंबानी की कंपनी जियो प्लेटफर्म्स ने शानदार शुरुआत की है। ₹30,213 करोड़ के मेगा IPO के बाद कंपनी के शेयर NSE पर इश्यू प्राइस से करीब 21% प्रीमियम पर लिस्ट हुए, जिससे निवेशकों की नजरें इस डेब्यू पर टिक गईं।

भारतीय शेयर बाजार में मुकेश अंबानी की कंपनी Jio Platforms ने धमाकेदार एंट्री की है। रिकॉर्डतोड़ आईपीओ और निवेशकों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद कंपनी के शेयर बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर आईपीओ के भाव से करीब 21% प्रीमियम पर लिस्ट हुए। जियो की इस शानदार शुरुआत ने निवेशकों का ध्यान खींचा है। देश के सबसे बड़े आईपीओ के जरिए शेयर बाजार में कदम रखने वाली कंपनी की लिस्टिंग को भारतीय पूंजी बाजार के लिए एक अहम घटना माना जा रहा है। आपको बता दें कि जियो का आईपीओ, हुंडई मोटर इंडिया के ₹27,870 करोड़ के आईपीओ को पीछे छोड़कर देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ बना।
Live updates : जियो प्लेटफॉर्म्स IPO की लिस्टिंग
-
October 28, 2026 12:16 PM (IST) Posted by Shivendra Singh
लिस्टिंग के बाद भी जियो के शेयरों में तेजी जारी
शेयर बाजार में शानदार शुरुआत करने के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में तेजी का सिलसिला जारी रहा। एनएसई पर कंपनी का शेयर कारोबार के दौरान ₹1,374.50 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। इस तरह आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को इश्यू प्राइस ₹1,119 के मुकाबले करीब 22.50% तक का लिस्टिंग गेन मिला।
-
October 28, 2026 10:46 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
जियो प्लेटफॉर्म्स बनी भारती की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी
जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में लिस्टिंग के साथ ही देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी का स्थान हासिल कर लिया है। कंपनी का मार्केट कैप ₹12.50 लाख करोड़ पहुंच गया, जबकि ₹16.12 लाख करोड़ के बाजार पूंजीकरण के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले नंबर पर बनी हुई है। वहीं, भारती एयरटेल अब खिसककर तीसरे स्थान पर आ गई है। उसका मार्केट कैप ₹12.03 लाख करोड़ है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की लिस्ट में शामिल हैं।
-
October 28, 2026 10:24 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
रिलायंस के शेयरधारकों को मिनिमम ₹5,497 का फायदा
जियो प्लेटफॉर्म्स ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी का शेयर ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले 21.36% प्रीमियम के साथ ₹1,358 पर लिस्ट हुआ। इससे आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को लिस्टिंग के दिन अच्छा मुनाफा हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए आरक्षित श्रेणी में जिन निवेशकों को न्यूनतम 23 शेयरों का लॉट मिला था, उन्हें लिस्टिंग प्राइस के आधार पर ₹5,497 का फायदा हुआ। वहीं, रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 12 शेयर आवंटित होने पर ₹2,868 का मुनाफा हुआ। दूसरी ओर, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल (HNI) श्रेणी में 180 शेयर पाने वाले निवेशकों को ₹43,020 का लिस्टिंग गेन मिला। आपको बता दें कि ये सभी आंकड़े ₹1,358 के लिस्टिंग प्राइस और ₹1,119 के इश्यू प्राइस के अंतर के आधार पर निकाले गए हैं। इनमें ब्रोकरेज शुल्क, टैक्स और अन्य लेनदेन लागत शामिल नहीं हैं। इसलिए वास्तविक मुनाफा इन खर्चों के बाद थोड़ा कम हो सकता है।
-
October 28, 2026 10:12 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
शेयर बाजार में लिस्ट हुआ जियो
भारतीय शेयर बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स ने धमाकेदार एंट्री की है। ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले शेयर NSE और BSE, दोनों पर ₹1,358 पर लिस्ट हुए। यानी आईपीओ में शेयर पाने वाले निवेशकों को पहले ही दिन 21.36% का लिस्टिंग प्रीमियम मिला। इस मजबूत शुरुआत के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब ₹12.51 लाख करोड़ पर पहुंच गया।
-
October 28, 2026 9:57 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
जियो आपने बनाया है, इसलिए आपके सपनों को पूरा करना हमारा सपना है: अनंत अंबानी
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सेरेमनी में अनंत अंबानी ने कहा कि जियो को देशभर के लोगों का प्यार, आशीर्वाद और सपोर्ट मिला है। उन्होंने जियो नाम से जुड़ी भावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पूरे देश ने कंपनी को दुआएं दी हैं। अनंत के मुताबिक, किसी ने इसे प्यार से ‘जियो मेरे लाल’, किसी ने ‘जुग-जुग जियो’ तो किसी ने ‘जियो मेरे यार’ कहकर अपनापन जताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जियो का मकसद अपने ग्राहकों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना है। कंपनी के लिए लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सबसे बड़ा लक्ष्य है।
-
October 28, 2026 9:54 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
'मेरे लिए व्यापार पूजा है; एक्सचेंज की घंटी मंदिर की घंटी की तरह बजेगी: अनंत अंबानी
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सेरेमनी में बोलते हुए, अनंत अंबानी ने आभार जताते हुए अपनी बात शुरू की और इस मौके को अपने लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, "मैं आज सबसे महत्वपूर्ण शब्द से अपनी बात शुरू करना चाहता हूँ: आभार।" अनंत ने आगे कहा कि आज एक्सचेंज में बजने वाली घंटी मेरे लिए मंदिर की घंटी की तरह होगी, क्योंकि मेरे लिए व्यापार पूजा है, और हर पूजा का समापन प्रसाद के साथ होता है।
-
October 28, 2026 9:19 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों की लिस्टिंग का समय
BSE और NSE की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर आज भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होंगे। कंपनी के शेयरों के लिए प्री-ओपन सेशन सुबह 9:45 बजे शुरू होगा। इसी दौरान शेयर की शुरुआती कीमत तय होगी, जबकि सुबह 10 बजे से BSE और NSE पर शेयरों की खरीद-बिक्री शुरू हो जाएगी।
-
October 28, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
Jio IPO का GMP क्या दे रहा है संकेत?
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों को लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में इश्यू प्राइस से करीब ₹247 ज्यादा के प्रीमियम पर कारोबार करते हुए देखा जा रहा था। अगर यह प्रीमियम बरकरार रहता है, तो शेयर की संभावित लिस्टिंग कीमत करीब ₹1,366 हो सकती है। ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले यह लगभग 22.07% की बढ़त का संकेत देता है। हालांकि, ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) अनौपचारिक होता है और केवल निवेशकों के रुझान का अंदाजा देता है। यह लिस्टिंग पर मुनाफे की गारंटी नहीं है। शेयर की वास्तविक लिस्टिंग कीमत ग्रे मार्केट के अनुमान से काफी अलग भी हो सकती है।
-
October 28, 2026 8:59 AM (IST) Posted by Shivendra Singh
देश का सबसे बड़ा IPO आज शेयर बाजार में करेगा एंट्री
भारतीय शेयर बाजार में आज जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग पर निवेशकों की नजरें टिकी हैं। मुकेश अंबानी की यह कंपनी आज को सुबह 10 बजे NSE और BSE पर कारोबार शुरू करने वाली है। ₹30,213 करोड़ का यह IPO इश्यू साइज के मामले में भारत का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम है। IPO के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब ₹10.3 लाख करोड़ आंकी गई है।