1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. कोटक महिंद्रा बैंक ने दूसरी तिमाही में कमाया 5645 करोड़ रुपये का प्रॉफिट, 26 प्रतिशत बढ़ा मुनाफा

कोटक महिंद्रा बैंक ने दूसरी तिमाही में कमाया 5645 करोड़ रुपये का प्रॉफिट, 26 प्रतिशत बढ़ा मुनाफा

एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर बैंक का प्रदर्शन शानदार रहा। दूसरी तिमाही में फंसे हुए नए कर्ज में शामिल होने वाली राशि घटकर 1230 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1629 करोड़ रुपये थी।

Kotak Mahindra Bank, Kotak Mahindra Bank share price, Kotak Mahindra Bank results, Kotak Mahindra Ba- India TV Hindi
Image Source : ANI कोटक महिंद्रा बैंक

प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक का इंटीग्रेटेड नेट प्रॉफिट चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 26 प्रतिशत बढ़कर 5645 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शनिवार को बताया कि उसने स्टैंडअलोन बेसिस पर 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4212 करोड़ रुपये का PAT दर्ज किया। कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्तीय नतीजे जारी करने के साथ किसी भी तरह के नए डिविडेंड की घोषणा नहीं की है।

कोटक महिंद्रा बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी

कोटक महिंद्रा बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 16 प्रतिशत बढ़कर 8459 करोड़ रुपये रही। नेट एडवांस में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी से इसे सपोर्ट मिला, हालांकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) में 0.23 प्रतिशत की गिरावट ने इस बढ़ोतरी को कुछ सीमित किया। 

फॉरेन करेंसी नॉन-रेसिडेंट अकाउंट (बैंकिंग) की वजह से नेट इंटरेस्ट मार्जिन पर पड़ा दबाव

कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की रियायती स्वैप फैसिलिटी के तहत 55,344 करोड़ रुपये की फॉरेन करेंसी नॉन-रेसिडेंट अकाउंट (बैंकिंग) यानी FCNR (B) डिपॉजिट जुटाने की वजह से चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में नेट इंटरेस्ट मार्जिन पर दबाव पड़ा। 

एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर शानदार प्रदर्शन

एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर बैंक का प्रदर्शन शानदार रहा। दूसरी तिमाही में फंसे हुए नए कर्ज में शामिल होने वाली राशि घटकर 1230 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 1629 करोड़ रुपये थी। बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (GNPA) रेश्यो भी सितंबर, 2025 के 1.39 प्रतिशत से सुधार के साथ सितंबर, 2026 में 1.04 प्रतिशत पर आ गया। 

शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे बैंक के शेयर

हालांकि, शुक्रवार को कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे। बीएसई पर बैंक के शेयर 1.70 प्रतिशत (7.45 रुपये) की बड़ी गिरावट के साथ 430.10 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। शुक्रवार को कारोबार के दौरान बैंक के शेयर 427.80 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 439.10 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई पर कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों का 52 वीक हाई 453.00 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 345.40 रुपये है। बीएसई के मुताबिक, बैंक का मौजूदा मार्केट कैप 4,27,858.37 करोड़ रुपये है।

ये भी पढ़ें

क्रिप्टो, एआई सहित 46 आर्थिक मुद्दों की जांच करेगी वित्त मामलों की संसदीय समिति, सरकारी योजनाओं का भी होगा मूल्यांकन

Latest Business News