बैंकिंग सेक्टर के दिग्गज कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं और ये आंकड़े बाजार की उम्मीदों से कहीं बेहतर रहे हैं। मुनाफे में शानदार उछाल और एसेट क्वालिटी में सुधार के साथ बैंक ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड की भी घोषणा की है।
एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, कोटक महिंद्रा बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 13.4 प्रतिशत बढ़कर ₹4026.55 करोड़ रहा है। यह मुनाफा ब्लूमबर्ग के विश्लेषकों द्वारा लगाए गए ₹3663 करोड़ के अनुमान से काफी ज्यादा है। बैंक की मुख्य आय, यानी नेट इंटरेस्ट इनकम (NII), में भी 8.1 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है, जो अब ₹7876 करोड़ पर पहुंच गई है। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹7284 करोड़ थी।
शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान
शानदार प्रदर्शन से उत्साहित बैंक के बोर्ड ने अपने इन्वेस्टर्स को तोहफा देते हुए ₹0.65 प्रति इक्विटी शेयर के डिविडेंड की सिफारिश की है। यह उन निवेशकों के लिए बड़ी खबर है जो बैंक के प्रदर्शन पर भरोसा जताते आए हैं।
एसेट क्वालिटी में जबरदस्त सुधार
बैंक के लिए सबसे राहत की बात उसकी एसेट क्वालिटी में सुधार रही है। बैंक का ग्रॉस एनपीए (Gross NPA) पिछली तिमाही के 1.30 प्रतिशत से घटकर 1.20 प्रतिशत पर आ गया है। वहीं, नेट एनपीए (Net NPA) भी 0.31 प्रतिशत से घटकर 0.25 प्रतिशत रह गया है। बैंक के प्रोविजन्स में पिछली तिमाही के मुकाबले 36 प्रतिशत की भारी कमी आई है, जो अब ₹516 करोड़ है। इस कटौती ने बैंक के बॉटम लाइन यानी मुनाफे को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अन्य वित्तीय आंकड़े
कोटक बैंक का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 7 प्रतिशत बढ़कर ₹5,855 करोड़ रहा। बैंक की ब्याज से होने वाली आय 4.8 प्रतिशत बढ़कर ₹14,175 करोड़ रही, जबकि ब्याज पर होने वाला खर्च मामूली 0.9 प्रतिशत की बढ़त के साथ ₹6,299 करोड़ रहा। हालांकि, अन्य आय में सालाना आधार पर 2.1 प्रतिशत की हल्की गिरावट देखी गई है।
Latest Business News