1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. ओडिशा में भूस्खलन से रेल यातायात पर बुरा असर, 13 से 22 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द, कुछ के शेड्यूल में बदलाव

ओडिशा में भूस्खलन से रेल यातायात पर बुरा असर, 13 से 22 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द, कुछ के शेड्यूल में बदलाव

भूस्खलन की वजह से जगदलपुर और किरंदुल तक जाने वाली ट्रेनें कोरापुट तक ही चलाई जाएंगी और कोरापुट से ही अपनी यात्रा शुरू करेंगी।

Odisha, landslide, odisha landslide, indian railways, trains cancelled- India TV Hindi
Image Source : ECR सांकेतिक तस्वीर

ओडिशा के रायगड़ा रेल मंडल में भूस्खलन के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मालिगुड़ा और छतरिपुट रेलवे स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन के बाद ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। जबकि, कुछ ट्रेनों को कोरापुट स्टेशन तक ही चलाने (शॉर्ट टर्मिनेट) और कुछ को कोरापुट से चलाने (शॉर्ट ऑरिजिनेट) करने का फैसला किया गया है। इसका असर ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है।

जगदलपुर, किरंडूल, विशाखापट्टनम, राउरकेला, हावड़ा और भुवनेश्वर के बीच चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित

रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रभावित ट्रेनों के परिचालन में अलग-अलग तारीखों तक बदलाव किया गया है। इस बदलाव के तहत जगदलपुर, किरंडूल, विशाखापट्टनम, राउरकेला, हावड़ा और भुवनेश्वर के बीच चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।

21 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी ट्रेनें

ट्रेन नंबर- 18516, किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर- 18515, विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर- 18107, राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 20 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। जबकि, ट्रेन नंबर- 18108, जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 14 से 21 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।

जगदलपुर और किरंदुल के बजाय कोरापुट तक ही चलेंगी कुछ ट्रेनें

रेलवे ने कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य जगदलपुर और किरंदुल के बजाय कोरापुट तक ही चलाने का फैसला किया है। जगदलपुर और किरंदुल तक जाने वाली ट्रेनें कोरापुट रेलवे स्टेशन पर ही अपनी यात्रा खत्म करेंगी। ट्रेन नंबर- 18005, हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस, ट्रेन नंबर- 18447, भुवनेश्वर-जगदलपुर हिराखंड एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर- 58501, विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर 20 अक्टूबर तक कोरापुट स्टेशन पर ही अपनी यात्रा खत्म करेगी और आगे नहीं जाएगी। कोरापुट से आगे जाने वाले यात्रियों को दूसरी व्यवस्था करनी पड़ेगी।

कोरापुट से यात्रा शुरू करेंगी जगदलपुर और किरंदुल से चलने वाली गाड़ियां

रेलवे ने कुछ ट्रेनों के शुरुआती स्टेशन में भी बदलाव किया है। जगदलपुर और किरंडूल से अपनी यात्रा शुरू करने वाली ट्रेनें कोरापुट से यात्रा शुरू करेंगी। ट्रेन नंबर- 18006, जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, 15 से 22 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय कोरापुट से चलेगी। ट्रेन नंबर- 18448, जगदलपुर-भुवनेश्वर हिराखंड एक्सप्रेस 14 से 21 अक्टूबर तक जगदलपुर के बजाय कोरापुट से चलेगी। ट्रेन नंबर- 58502, किरंडूल- विशाखापट्टनम पैसेंजर 20 अक्टूबर तक किरंडूल के बजाय कोरापुट से चलेगी।

यात्रियों से रेलवे की अपील

इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि इस दौरान ये ट्रेनें जगदलपुर और किरंडूल के बजाय कोरापुट रेलवे स्टेशन पर ही मिलेंगी। भूस्खलन के कारण ट्रेनों के परिचालन में हुए बदलाव से यात्रियों को परेशानी हो सकती है। इसलिए रेलवे ने यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का करेंट स्टेटस चेक करने और उसी के अनुसार योजना बनाने की सलाह दी है।

ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

सोने के भाव में लगातार दूसरे दिन गिरावट, चांदी भी हुई सस्ती, चेक करें आज के ताजा भाव

Latest Business News