A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LPG Cylinder Shortage: ''देश में गैस, तेल की कोई कमी नहीं, लोगों ने पैनिक में की 75 लाख बुकिंग''

LPG Cylinder Shortage: ''देश में गैस, तेल की कोई कमी नहीं, लोगों ने पैनिक में की 75 लाख बुकिंग''

LPG संकट के बीच देश के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो लोगों की बढ़ती परेशानी को साफ दिखाती हैं। कहीं गैस एजेंसियों के बाहर सुबह 3 बजे से ही लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं, तो कहीं 3-3 दिन तक इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर न मिलने से लोगों में निराशा और नाराजगी दिखाई दे रही है।

देश में LPG सिलेंडर का...- India TV Hindi
Image Source : PTI देश में LPG सिलेंडर का संकट!

एलपीजी संकट के बीच देश भर के कई हिस्सों से आज भी ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो किसी डरावने सपने जैसी हैं। कहीं गैस एजेंसियों के बाहर सुबह 3 बजे से टॉर्च की रोशनी में लोग कतारों में खड़े हैं, तो कहीं 3-3 दिनों के लंबे इंतजार के बाद भी सिलेंडर न मिलने पर मायूसी और गुस्सा साफ दिख रहा है। इतना ही नहीं, कुछ लोग अपनी ड्यूटी छोड़कर भी सिलेंडर भरवाने के लिए लाइनों में लगे है। हैरानी की बात यह है कि एक तरफ जहां जनता खाली सिलेंडर लिए सड़कों पर उतरी है और विपक्ष फूड इमरजेंसी की चेतावनी दे रहा है, वहीं सरकार का दावा बिल्कुल उलट है। पेट्रोलियम मंत्रालय और प्रधानमंत्री खुद मोर्चा संभालते हुए कह रहे हैं कि "देश में तेल और गैस का भरपूर भंडार है, डरो मत। चलिए जानते हैं कि देश में एलपीजी संकट के बीच कहां-कहां आम जनता को क्या दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

Latest Business News

Live updates : LPG Cylinder Shortage Highlights

  • 11:36 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    सरकार की पैनिक बुकिंग से बचने की अपील

    रसोई गैस के लिए शुक्रवार को देश के विभिन्न हिस्सों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई राज्यों में लोग कतारों में लगे रहे, जबकि केंद्र ने बार-बार कहा कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। कई जगहों से भोजनालयों के बंद होने और एलपीजी की जमाखोरी की भी खबरें आई हैं। केंद्र सरकार ने कहा है कि घरों के लिए एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई है और गैस सिलेंडर के लिए पैनिक बुकिंग करने की कोई जरूरत नहीं है। 

  • 11:34 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    एलपीजी जमाखोरों को सरकार की सख्त चेतावनी

    सरकार ने जमाखोरों और कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी दी है कि अगर वे पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पैदा हुए संकट का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  • 11:33 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    बिहार में एलपीजी सिलेंडर के लिए लंबी कतारें

    बिहार में शुक्रवार को कई जिलों में बड़ी संख्या में लोग बुकिंग और आपूर्ति के लिए गैस एजेंसियों के कार्यालय पहुंचे। पटना, भागलपुर, रोहतास और कटिहार समेत कई जिलों में एलपीजी वितरण एजेंसियों पर लोगों की भीड़ देखी गई।

  • 11:32 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    औद्योगिक गैस आपूर्ति में कमी से प्लांट में परिचालन प्रभावित

    जिंदल स्टेनलेस के एमडी अभ्युदय जिंदल ने शुक्रवार को कहा कि औद्योगिक गैसों की आपूर्ति में कमी आने से कई प्लांटों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। जिंदल ने स्टेनलेस स्टील उद्योग के लिए नियमित आपूर्ति के आश्वासन के साथ औद्योगिक प्रोपेन/एलपीजी और प्राकृतिक गैस के आवंटन प्रतिशत पर भी स्पष्टता का अनुरोध किया। 

  • 8:27 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    तवा रोटी के बजाय तंदूरी रोटी बनाने की सलाह

    मध्यप्रदेश में होटल-रेस्टॉरेंट के एक संगठन ने ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की सूची में बदलाव की सलाह दी है। संगठन के एक सीनियर अधिकारी ने शुक्रवार को अपनी सलाह में कहा कि मौजूदा हालात में होटल-रेस्टॉरेंट की व्यंजन सूची में उन व्यंजनों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, जिनमें रसोई गैस की खपत कम होती है या जो जल्दी पक जाते हैं। मध्यप्रदेश होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित सूरी ने बताया, "हमने अपने सदस्यों को सलाह दी है कि ईंधन बचाने के लिए रसोई गैस से तवा रोटी बनाने के बजाय कोयले या लकड़ी से चलने वाले परंपरागत तंदूरों पर रोटी बनाई जा सकती है।''

  • 8:23 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    गुजरात में 4 लाख से ज्यादा सिलेंडरों का स्टॉक

    गुजरात सरकार ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण एलपीजी और प्राकृतिक गैस की कमी के विपक्ष के दावों को शुक्रवार को खारिज कर दिया। राज्य सरकार ने विधानसभा को आश्वासन दिया कि राज्य के पास 4 लाख से ज्यादा एलपीजी सिलेंडरों का भंडार है। 

  • 8:22 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    398 एलपीजी सिलेंडर जमा करने के आरोप में दो गिरफ्तार

    तमिलनाडु के मदुरै में काला बाजारी के लिए कथित रूप से 398 रसोई गैस सिलेंडर जमा करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर गुंडा अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को ये जानकारी देते हुए बताया कि सिलेंडर की जमाखोरी के मामले में राज्य में पहली बार इतनी कड़ी कार्रवाई की गई है।

  • 8:21 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    एलपीजी की किल्लत के बीच तिरुवनंतपुरम के रेस्टॉरेंट से गैस सिलेंडर चोरी

    देश में एलपीजी की बढ़ती कमी के बीच तिरुवनंतपुरम के चाला बाजार क्षेत्र में एक होटल से गुरुवार को देर रात 19 किलो वाला कमर्शियल गैस सिलेंडर चोरी हो गया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को देर रात करीब 2.00 बजे चाला बाजार स्थित वीएस होटल से रसोई गैस सिलेंडर चोरी होने की सूचना मिली। 

  • 5:45 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट होने की अपील

    सरकार ने आम लोगों से अपील की है वे एलपीजी से पीएनजी में शिफ्ट हों और पीएनजी कनेक्शन पर जोर दें। सरकार ने कहा कि देशभर में अभी 1.5 करोड़ पीएनजी उपभोक्ता हैं। इसके अलावा 60 लाख परिवार आसानी से पीएनजी कनेक्शन ले सकते हैं।

  • 5:45 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    सीएनजी, पीएनजी की सप्लाई नॉर्मल

    सरकार ने कहा कि देश में सीएनजी और पीएनजी की कोई कमी नहीं है। सीएनजी की सप्लाई में न तो कोई कमी है और न ही इसमें कोई कटौती की गई है। इसके अलावा, घरों में सप्लाई की जाने वाली पीएनजी में भी कोई कमी नहीं है। पीएनजी ग्राहकों को आगे भी गैस मिलती रहेगी।

  • 5:45 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त सप्लाई

    सरकार ने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर कहा कि देश में तेल की भी कोई कमी नहीं है। पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त सप्लाई हो रही है। सभी पंपों पर पर्याप्त तेल उपलब्ध है। आम जनता से अपील की गई है कि खुले कंटेनरों में तेल न लें। 

  • 5:44 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    अस्पतालों और हॉस्टलों को प्राथमिकता

    सरकार ने कहा कि एलपीजी सप्लाई के लिए अस्पतालों और हॉस्टलों को प्राथमिकता दी जा रही है। 5 मार्च की तुलना में देश में एलपीजी का प्रोडक्शन 40 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा, सरकार ने राज्यों को वितरण के लिए 48,000 किलोलीटर यानी करीब 4.8 करोड़ लीटर केरोसीन तेल भी जारी किया है। इसके साथ ही, सरकार ने कोल इंडिया को होटल और रेस्टॉरेंट को कोयला उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। 

  • 5:44 PM (IST) Posted by Sunil Chaurasia

    देश में तेल, गैस की कोई कमी नहीं

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को देश में एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी की मौजूदा उपलब्धता पर रिपोर्ट साझा की। सुजाता शर्मा ने बताया कि देश में एलपीजी चिंता का विषय है, लेकिन गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आम दिनों में रोजाना 50-55 लाख एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग होती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों में ये बुकिंग 75-76 लाख तक पहुंच गई है, जो पैनिक की वजह से हो रहा है। उन्होंने सरकार की तरफ से कहा कि गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स की तरफ से ड्राई आउट का कोई मैसेज नहीं आया है। नागरिकों से पैनिक न करने की अपील की गई है। 

  • 2:15 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    जयपुर: समय पर गैस की बुकिंग नहीं होने से जनता नाराज

    जयपुर में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहीं गैस की बुकिंग समय पर नहीं हो पा रही है, तो कहीं बुकिंग के बाद भी सिलेंडर देर से मिल रहा है। कई लोग गैस खत्म होने के बाद सीधे गैस एजेंसी के दफ्तर पहुंचकर तुरंत सिलेंडर देने की मांग कर रहे हैं, जिससे एजेंसियों और सप्लाई केंद्रों पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।

  • 2:11 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    भोपाल: एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रशासन का एक्शन

    भोपाल के लालघाटी इलाके में फूड कंट्रोल विभाग ने छापा मारकर अवैध तरीके से दुकान में रखे कमर्शियल सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। फूड जोन के खाने-पीने की दुकान में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर इस्तेमाल हो रहे थे। एक दुकान से 3 सिलेंडर किए गए जब्त दूसरे से दो सिलेंडर जब्त किए गए। फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया की एसेंशियल कमोडिटी एक्ट के तहत यह कार्रवाई की जा रही है जो आगे भी जारी रहेगी, दो दिनों में 20 से ज्यादा सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

  • 1:55 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    सुपौल में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें : DM

    बिहार के सुपौल जिले में LPG गैस की किल्लत की फैल रही खबरों के बीच DM सावन कुमार ने जिले के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। डीएम ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है सुपौल डीएम सावन कुमार ने जिले के सभी एलपीजी गैस उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से जारी है।

  • 12:38 PM (IST) Posted by Shivendra Singh

    केजीएमयू अस्पताल की कैंटीन में पसरा सन्नाटा

    लखनऊ स्थित केजीएमयू अस्पताल में पिछले 19 साल से चल रही कैंटीन में आज सन्नाटा पसरा हुआ है। दरअसल एक एनजीओ साल 2007 से यहां पर मरीजों को तीमारदारों को और उनके साथ आए हुए लोगों को फ्री में प्रसादम के रूप में भोजन कराता है और चाय पिलाता है, लेकिन LPG कमर्शियल सिलेंडर की अनउपलब्धता के की वजह से फिलहाल यहां पर गंभीर संकट है और किचन में सन्नाटा पसरा है। जो बर्नर हर वक्त जलते थे वो फिलहाल ठंडे पड़े हैं। यहां के केयरटेकर सुमन का कहना है कि 2007 से लगातार सेवाएं आज तक जारी है लेकिन सिलेंडर नहीं मिलने के कारण फिलहाल पिछले दो दिनों से यहां पर खाना नहीं बन रहा है। डिस्ट्रीब्यूटर फोन नहीं उठा रहे हैं इसीलिए हमको मजबूरी में कैंटीन बंद करनी पड़ी है और इस बात का हमको बहुत दुख है कि हम लोगों की मदद नहीं कर पा रहें हैं।

  • 11:41 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    एलपीजी सिलेंडर संकट पर सियासत तेज

    एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और गैस आपूर्ति को लेकर सवाल उठाए। पार्टी नेताओं का आरोप है कि देश के कई हिस्सों में लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जबकि सरकार स्थिति को सामान्य बताने का दावा कर रही है।

  • 11:39 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    बेंगलुरु की इंदिरा कैंटीन पर भी दिखा असर

    बेंगलुरु में कुल 180 इंदिरा कैंटीन हैं, जिसे राज्य सरकार चला रही है। इन कैंटीन के जरिए 5 रुपये में नाश्ता और 10 रुपये में दोपहर का खाना और शाम का डिनर मिलता है। हालांकि, यहां भी सिलेंडर की कथित कमी की वजह से लंच और डिनर नहीं बन रहा है। जबकि ब्रेकफास्ट के ऑप्शन्स को भी सीमित कर दिया गया है। यहां अभी सिर्फ राइस आइटम ही बनाया जा रहा है।

  • 11:31 AM (IST) Posted by Shivendra Singh

    नोएडा में सुबह 3 बजे से लाइन में लगे लोग

    LPG सिलेंडर संकट के बीच नोएडा मे गैस के लिए गोदाम के बहार सुबह 3 बजे से लोग लाइन मे लगे हुए है। बताया जा रहा कि 300 से ज्यादा लोग लाइन में है। कुछ लोग 3 दिन से लगातार आ रहे है पर उन्हें भरा हुआ सिलेंडर नहीं मिला तो अब अपनी ड्यूटी से छुट्टी ले कर लाइन मे लगने आए है।