1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नए साल की सुबह महंगाई का झटका! LPG सिलेंडर हुआ महंगा तो PNG गैस हुई सस्ती, जानिए नए दाम

नए साल की सुबह महंगाई का झटका! LPG सिलेंडर हुआ महंगा तो PNG गैस हुई सस्ती, जानिए नए दाम

नए साल की शुरुआत आम लोगों के लिए मिली-जुली खबरों के साथ हुई है। कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर जोरदार बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि दिल्ली-एनसीआर के लाखों घरों में इस्तेमाल होने वाली PNG गैस सस्ती हो गई है।

गैल सिलेंडर हुआ महंगा- India TV Hindi
Image Source : ANI गैल सिलेंडर हुआ महंगा

नया साल आमतौर पर राहत और खुशखबरी लेकर आता है, लेकिन 1 जनवरी 2026 की सुबह गैस उपभोक्ताओं के लिए मिली-जुली खबर लेकर आई है। जहां एक तरफ होटल, ढाबे और कारोबारियों के लिए इस्तेमाल होने वाला कॉमर्शियल LPG सिलेंडर अचानक महंगा हो गया, वहीं दूसरी ओर दिल्ली-एनसीआर के घरों में पाइप से आने वाली PNG गैस सस्ती हो गई। यानी किचन बजट पर एक तरफ दबाव बढ़ा है, तो दूसरी तरफ थोड़ी राहत भी मिली है। आइए जानते हैं नए साल के पहले दिन गैस के मोर्चे पर क्या बदला और आपकी जेब पर इसका क्या असर पड़ेगा।

कॉमर्शियल LPG सिलेंडर में 111 रुपये की बढ़ोतरी

नए साल पर कॉमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में बड़ा इजाफा किया गया है। इंडियन ऑयल के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब 1,691.50 रुपये में मिलेगा, जो पहले 1,580.50 रुपये का था। यानी सीधे 111 रुपये की बढ़ोतरी।

अन्य शहरों में भी यही हाल है

  • कोलकाता: 1,684 रुपये से बढ़कर 1,795 रुपये
  • मुंबई: 1,531.50 रुपये से बढ़कर 1,642.50 रुपये
  • चेन्नई: अब 1,849.50 रुपये

इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ना तय माना जा रहा है, जिसका असर आगे चलकर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर

आम घरों के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

  • दिल्ली में कीमत ₹853
  • मुंबई में ₹852.50
  • लखनऊ में ₹890.50
  • पटना में ₹951

पहाड़ी और दूर-दराज इलाकों में कीमतें पहले की तरह ऊंची बनी हुई हैं, लेकिन कम से कम नए साल की शुरुआत में घरेलू उपभोक्ताओं पर कोई एक्स्ट्रा बोझ नहीं डाला गया है।

PNG गैस हुई सस्ती, दिल्ली-NCR वालों को राहत

दूसरी ओर, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर के उपभोक्ताओं को नए साल का तोहफा दिया है। IGL ने घरेलू PNG गैस की कीमत 0.70 रुपये प्रति SCM घटा दी है। नए रेट इस प्रकार हैं-

  • दिल्ली: ₹47.89 प्रति SCM
  • गुरुग्राम: ₹46.70 प्रति SCM
  • नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद: ₹47.76 प्रति SCM

यह कटौती PNGRB द्वारा पाइपलाइन टैरिफ में किए गए बदलाव के बाद संभव हुई है, जिससे गैस ट्रांसपोर्टेशन सस्ता और ज्यादा पारदर्शी हुआ है।

Latest Business News