1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. माइक्रोसॉफ्ट के AI चीफ की डराने वाली चेतावनी, डेढ़ साल में इन लोगों की नौकरी खा जाएगा AI; लाखों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा

माइक्रोसॉफ्ट के AI चीफ की डराने वाली चेतावनी, डेढ़ साल में इन लोगों की नौकरी खा जाएगा AI; लाखों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनिया भर में चर्चा तेज है। अब माइक्रोसॉफ्ट के AI डिवीजन प्रमुख मुस्तफा सुलेमान ने ऐसी चेतावनी दी है, जिसने लाखों नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उनका कहना है कि अगले 12 से 18 महीनों में ऑफिस में होने वाले काम AI की वजह से खत्म हो सकते हैं।

ऑफिस में काम करने...- India TV Hindi
Image Source : CANVA ऑफिस में काम करने वालों के लिए खतरे की घंटी!

दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से लोगों की जिंदगी और काम करने के तरीके को बदल रहा है। अब माइक्रोसॉफ्ट के AI डिविजन प्रमुख मुस्तफा सुलेमान ने ऐसी चेतावनी दी है, जिसने लाखों नौकरीपेशा लोगों की चिंता बढ़ा दी है। उनका कहना है कि आने वाले 12 से 18 महीनों में कई व्हाइट-कॉलर जॉब्स या दफ्तरों में होने वाली नौकरियां AI की वजह से खत्म हो सकती हैं या पूरी तरह ऑटोमेट हो जाएंगी।

मुस्तफा सुलेमान के मुताबिक अकाउंटिंग, लीगल वर्क, मार्केटिंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट जैसी नौकरियां सबसे ज्यादा खतरे में हैं। उनका कहना है कि AI अब सिर्फ इंसानों की मदद करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि धीरे-धीरे उनके काम को पूरी तरह संभाल सकता है। उन्होंने बताया कि सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग में भी AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। कई प्रोग्रामर अब कोडिंग के बड़े हिस्से के लिए AI टूल्स की मदद ले रहे हैं।

2027 तक बदल सकती है पूरी तस्वीर

सुलेमान का मानना है कि 2027 से पहले AI इंसानों द्वारा किए जाने वाले ज्यादातर ऑफिस वर्क को संभालने की क्षमता हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले 2 से 3 साल में AI एजेंट कंपनियों के अंदर खुद फैसले लेने और काम को मैनेज करने लगेंगे। यानी कई जगह इंसानी दखल काफी कम हो सकता है।

क्यों तेजी से बढ़ रहा है AI का असर?

AI की ताकत बढ़ने की सबसे बड़ी वजह कंप्यूटिंग पावर में तेजी से हो रहा विकास माना जा रहा है। जितने शक्तिशाली कंप्यूटर बनेंगे, AI उतना ही ज्यादा स्मार्ट और तेज होता जाएगा। सुलेमान ने कहा कि भविष्य में खुद का AI मॉडल बनाना उतना आसान हो सकता है, जितना आज ब्लॉग लिखना या पॉडकास्ट शुरू करना है। इससे कंपनियां अपनी जरूरत के हिसाब से AI टूल्स तैयार कर सकेंगी।

टेक इंडस्ट्री में बढ़ रही चिंता

सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट ही नहीं, बल्कि कई बड़े टेक लीडर्स पहले भी AI के असर को लेकर चेतावनी दे चुके हैं। सैम ऑल्टमैन और दूसरे टेक विशेषज्ञों ने भी माना है कि AI बहुत तेजी से इंसानी स्किल्स को पीछे छोड़ रहा है। हालांकि कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि AI नई नौकरियां भी पैदा करेगा, लेकिन यह साफ है कि आने वाले समय में लोगों को नई स्किल्स सीखनी होंगी।

अब क्या करें नौकरीपेशा लोग?

एक्सपर्ट्स का मानना है कि AI के दौर में वही लोग आगे रहेंगे जो नई टेक्नॉलिजी को जल्दी सीखेंगे। डिजिटल स्किल्स, डेटा एनालिसिस और AI टूल्स की समझ भविष्य में सबसे अहम साबित हो सकती है।

Latest Business News