1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. देश की पहली बुलेट ट्रेन का काम अंतिम चरण में! डायमंड जैसा दिखेगा सूरत स्टेशन, मुंबई से भी आया बड़ा अपडेट

देश की पहली बुलेट ट्रेन का काम अंतिम चरण में! डायमंड जैसा दिखेगा सूरत स्टेशन, मुंबई से भी आया बड़ा अपडेट

भारत की पहली बुलेट ट्रेन का सपना अब हकीकत के और करीब पहुंचता दिखाई दे रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से काम चल रहा है और परियोजना के कई अहम हिस्सों में निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट...- India TV Hindi
Image Source : ANI मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार

भारत की पहली बुलेट ट्रेन का इंतजार अब धीरे-धीरे खत्म होने वाला है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर पर तेजी से निर्माण चल रहा है और अगस्त 2027 में पहली सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इसी बीच मुंबई और सूरत में बन रहे स्टेशनों की ताजा तस्वीरें प्रोजेक्ट की प्रगति की कहानी बता रही हैं। सूरत स्टेशन का बाहरी ढांचा लगभग तैयार हो चुका है, जबकि मुंबई के BKC स्टेशन पर भी निर्माण अहम चरण में पहुंच गया है।

सूरत स्टेशन में दिखेगा हीरे का डिजाइन

गुजरात का सूरत स्टेशन इस प्रोजेक्ट के सबसे खास स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन की डिजाइन को सूरत के मशहूर डायमंड कटिंग उद्योग से प्रेरणा दी गई है। इसका उद्देश्य स्टेशन को शहर की कारोबारी पहचान से जोड़ना है। सूरत स्टेशन का स्ट्रक्चरल फ्रेम और छत का काम पूरा हो चुका है। अब यहां फर्श, क्लैडिंग और सीलिंग जैसे इंटीरियर फिनिशिंग के काम किए जा रहे हैं। यानी स्टेशन अब अपने अंतिम रूप की तरफ बढ़ रहा है।

BKC स्टेशन में चल रहा बड़ा काम

मुंबई में बनने वाला बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्टेशन इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन होगा। खास बात यह है कि इसे जमीन से करीब 30 मीटर नीचे बनाया जा रहा है। अंडरग्राउंड स्टेशन होने के कारण यहां निर्माण तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण है। फिलहाल साइट पर खुदाई और फाउंडेशन से जुड़े काम अंतिम चरण में पहुंच रहे हैं।

508 किलोमीटर लंबा होगा पूरा कॉरिडोर

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की लंबाई करीब 508 किलोमीटर होगी। यह महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। पूरे रूट पर कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इनमें BKC, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती शामिल हैं। साबरमती स्टेशन को मल्टीमॉडल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बुलेट ट्रेन के साथ मेट्रो, BRTS और रेलवे की कनेक्टिविटी मिलेगी।

320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन

बुलेट ट्रेन की अधिकतम रफ्तार करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। पूरी 508 किलोमीटर की दूरी लगभग दो घंटे में पूरी करने की उम्मीद है। इससे मुंबई और अहमदाबाद के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

अगस्त 2027 में शुरू होने की उम्मीद

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट की नींव सितंबर 2017 में रखी गई थी। अब निर्माण अलग-अलग हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ सेक्शन पहले भी शुरू किए जा सकते हैं, जबकि पूरे कॉरिडोर के लिए अगस्त 2027 की समयसीमा पर काम जारी है।

इनपुट- ANI

यह भी पढ़ें- विदेश मंत्रालय ने बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर दिया बड़ा अपडेट! 2027 में शुरू होगा पहला सेक्शन, 2030 में मिलेगी जापान की E10 ट्रेन

Latest Business News