नागर विमानन मंत्रालय ने मंगलवार को अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड से कहा कि वे फिलहाल मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स को शिफ्ट करने के फैसले को टाल दें। इसके साथ ही, सरकार ने कहा है कि इस बदलाव की पूरी योजना तैयार करने के लिए आगे चर्चा की जाएगी। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भी संचालन करती है।
एयरलाइन कंपनियों ने किया विरोध
अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने एयरलाइन कंपनियों से 25 अक्टूबर तक मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी इंटरनेशनल फ्लाइट्स में 33 प्रतिशत की कटौती करने या उन्हें बंद करने को कहा था, जिसका एयरलाइन कंपनियों ने विरोध किया है।
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का नवीनीकरण करने जा रही है AAHL
AAHL मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 का नवीनीकरण करने जा रही है, जिसकी वजह से कंपनी ने फ्लाइट्स ऑपरेशन को मुंबई से नवी मुंबई शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया है। इन मुद्दों पर चर्चा के लिए नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा ने मंगलवार को दिल्ली में एयरलाइन कंपनियों, AAHL, फेडरेशन ऑफ इंडियन एयरलाइंस (FIA), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की अध्यक्षता की।
समीर कुमार सिन्हा दिया बदलाव को कुछ सप्ताह के लिए टालने का प्रस्ताव
सूत्रों ने बताया कि समीर कुमार सिन्हा ने इस को कुछ सप्ताह के लिए टालने का प्रस्ताव दिया है और एयरलाइंस के साथ ही एयरपोर्ट ऑपरेटर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ऑपरेशन्स शिफ्ट करने के लिए एक ठोस योजना मांगी है। एयरलाइन कंपनियों और एएएचएल बदलाव की योजना पर 13 अक्टूबर को चर्चा करेंगे और अंतिम रूपरेखा तय करने के लिए 20 अक्टूबर को एक और बैठक बुलाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार, बैठक में अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के अधिकारियों ने हाल ही में शुरू हुए नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सालाना 50 लाख तक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की अपनी तैयारियों का खाका पेश किया।
90 मिनट तक चली बैठक
लगभग 90 मिनट तक चली इस बैठक के दौरान अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने एयरलाइंस के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और उनकी परिचालन संबंधी चिंताओं को दूर करने के साथ ही प्रस्तावित बदलाव और रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट से जुड़े सवालों के जवाब देने का प्रयास किया। सूत्रों ने कहा कि बातचीत रचनात्मक रही और सभी हितधारकों ने यात्रियों की सुविधा तथा परिचालन दक्षता बनाए रखते हुए मिलकर-जुलाकर बदलाव सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ये भी पढ़ें
1 नवंबर से 8 रुपये महंगा होगा दूध, आम आदमी को लगेगा महंगाई का एक और बड़ा झटका
Latest Business News