1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नवी मुंबई से ऑपरेट होंगी मुंबई की फ्लाइट्स! नागर विमानन मंत्रालय ने अडाणी और एयरलाइन कंपनियों की बुलाई अहम मीटिंग

नवी मुंबई से ऑपरेट होंगी मुंबई की फ्लाइट्स! नागर विमानन मंत्रालय ने अडाणी और एयरलाइन कंपनियों की बुलाई अहम मीटिंग

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 05, 2026 03:48 pm IST,  Updated : Oct 05, 2026 03:48 pm IST

एयरलाइन कंपनियों को 25 अक्टूबर से अपने इंटरनेशनल फ्लाइट्स में एक-तिहाई की कटौती करने या फ्लाइट्स को नवी मुंबई एयरपोर्ट से ऑपरेट करने के लिए कहा गया है।

mumbai international airport, navi mumbai international airport, adani airport holdings limited, Chh- India TV Hindi
मुंबई एयरपोर्ट Image Source : PTI

नागर विमानन मंत्रालय ने मंगलवार को एयरलाइन कंपनियों और अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के प्रतिनिधियों की एक अहम मीटिंग बुलाई है। इस मीटिंग में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट से कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ऑपरेट करने के प्रस्ताव पर चर्चा होनी है। सूत्रों ने ये जानकारी दी है। बताते चलें कि जनवरी 2027 से मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 (T1) का रीडेवलपमेंट शुरू होने वाला है। 

एयरलाइन कंपनियों को 25 अक्टूबर से बदलना होगा फ्लाइट्स का शेड्यूल

मुंबई एयरपोर्ट टर्मिनल 1 के इस रीडेवलपमेंट की वजह से एयरलाइन कंपनियों को 25 अक्टूबर से अपने इंटरनेशनल फ्लाइट्स में एक-तिहाई की कटौती करने या फ्लाइट्स को नवी मुंबई एयरपोर्ट से ऑपरेट करने के लिए कहा गया है। बताते चलें कि अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ही मुंबई एयरपोर्ट और नवी मुंबई एयरपोर्ट को ऑपरेट करती है। हालांकि, एयरलाइन कंपनियों ने इस कदम को लेकर चिंता जताई है। वहीं, अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स का कहना है कि टर्मिनल 1 के भविष्य को लेकर 2020 से ही एयरलाइन कंपनियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श चल रहा है। 

नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा करेंगे बैठक की अध्यक्षता

सूत्रों ने बताया कि नागर विमानन सचिव समीर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में होने वाली इस अहम मीटिंग में अडाणी एयरपोर्ट्स सहित इंडिगो, एयर इंडिया, स्पाइसजेट और अन्य एयरलाइन कंपनियों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि ये मीटिंग 6 अक्टूबर को होगी।

60 साल पुरानी है टर्मिनल 1 बिल्डिंग

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने अभी हाल ही में बताया था कि वो मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) के टर्मिनल 1B के उत्तरी हिस्से का रीडेवलपमेंट शुरू करेगा। 60 साल पुरानी बिल्डिंग को लेकर सुरक्षा चिंताओं के कारण इस टर्मिनल का चरणबद्ध तरीके से रीडेवलप किया जाना है। कंपनी ने बताया था कि मुंबई एयरपोर्ट से हर साल आने-जाने वाले लगभग 5.5 करोड़ यात्रियों में से लगभग 9% यात्रियों पर ही इसका अस्थायी असर पड़ेगा।

मुंबई एयरपोर्ट के 91% यात्री ट्रैफिक पर नहीं पड़ेगा कोई असर

अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के CEO अरुण बंसल ने कहा था, "मुंबई एयरपोर्ट के 91% यात्री ट्रैफिक पर कोई असर नहीं पड़ेगा, भले ही हम उस पुराने इंफ्रास्ट्रक्चर का रीडेवलपमेंट कर रहे हों, जिसे तुरंत मरम्मत की जरूरत थी। यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और कामकाज में कम से कम रुकावट आए, इसलिए पहले चरण में सिर्फ टर्मिनल 1B के उत्तरी हिस्से को तोड़ा जा रहा है, जो मुंबई एयरपोर्ट के T1 की क्षमता का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है।

ये भी पढ़ें

6 अक्टूबर से महंगी होंगी फ्लाइट टिकट, एक यात्री से 10,000 रुपये तक का फ्यूल सरचार्ज वसूलेगा इंडिगो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।