1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. NALCO ने केंद्र सरकार को दिया ₹1083 करोड़ का डिविडेंड, कंपनी ने कमाया ₹5815 करोड़ मुनाफा

NALCO ने केंद्र सरकार को दिया ₹1083 करोड़ का डिविडेंड, कंपनी ने कमाया ₹5815 करोड़ मुनाफा

NALCO ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने केंद्र सरकार को रिकॉर्ड ₹1,083.06 करोड़ का डिविडेंड दिया है। यह NALCO की ओर से अब तक दिया गया सबसे बड़ा डिविडेंड है।

NALCO ने सरकार को दिया अब...- India TV Hindi
Image Source : OFFICIAL WEBSITE NALCO ने सरकार को दिया अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड

सरकारी कंपनी नेशनल एल्युमीनियम कंपनी लिमिटेड(NALCO) ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड ₹1,083.06 करोड़ का डिविडेंड दिया है। यह NALCO की ओर से अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड भुगतान है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष में ₹5,815.76 करोड़ का टैक्स के बाद मुनाफा दर्ज किया। रिकॉर्ड डिविडेंड के साथ अब सरकार का फोकस देश में एल्युमिनियम के वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स का उत्पादन बढ़ाने पर है।

नवरत्न CPSE NALCO ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कुल ₹2,112.12 करोड़ का डिविडेंड दिया। यह कंपनी की पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का करीब 230 फीसदी है। इसमें तीन अंतरिम डिविडेंड और अंतिम डिविडेंड शामिल हैं। कंपनी के CMD ब्रिजेंद्र प्रताप सिंह ने डिविडेंड का चेक केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी को सौंपा। इस दौरान खान सचिव केशव चंद्र भी मौजूद रहे।

भारत हर साल करता है 4 अरब डॉलर के एल्युमिनियम प्रोडक्ट्स का आयात

सरकार का कहना है कि भारत में एल्युमिनियम उत्पादन की पर्याप्त क्षमता होने के बावजूद देश हर साल करीब 4 अरब डॉलर के हाई-फिनिश एल्युमिनियम प्रोडक्ट्स आयात करता है। ऐसे में अब सिर्फ कच्चे एल्युमिनियम के उत्पादन के बजाय ज्यादा वैल्यू वाले तैयार उत्पादों पर जोर दिया जा रहा है। खान सचिव केशव चंद्र के मुताबिक, एल्युमिनियम सेक्टर को प्राथमिक उत्पादन से आगे बढ़कर हाई-वैल्यू फिनिश्ड प्रोडक्ट्स की ओर जाना होगा। इसके लिए नई तकनीक और घरेलू रिसर्च एवं डेवलपमेंट को बढ़ावा देने की जरूरत है।

NALCO को एल्युमिना एक्सपोर्ट कम करने की तैयारी

सरकार चाहती है कि आने वाले समय में NALCO एल्युमिना का निर्यात करने के बजाय उसे देश में ही वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स में बदले। फिलहाल कंपनी हर साल करीब 2.1 मिलियन टन एल्युमिना का उत्पादन करती है, जिसमें लगभग 0.13 मिलियन टन का निर्यात होता है। इस बदलाव का उद्देश्य देश में एल्युमिनियम आधारित उद्योगों को मजबूत करना और आयात पर निर्भरता कम करना है।

अंगुल एल्युमीनियम पार्क में होगा विस्तार

ओडिशा का अंगुल एल्युमीनियम पार्क भी इस योजना में अहम भूमिका निभा सकता है। यह पार्क IDCO और NALCO की संयुक्त पहल है। यहां निवेशकों को जमीन, बिजली, पानी, सड़क कनेक्टिविटी और रिसर्च एवं टेस्टिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। NALCO इस पार्क में निवेशकों को हर साल 50,000 टन हॉट मेटल रियायती दर पर उपलब्ध कराएगी।

इनपुट- PTI

यह भी पढ़ें- देश के लिए आई गुड न्यूज! अगस्त में भारत की इंडस्ट्री ने पकड़ी तेज रफ्तार, आंकड़ा आया सामने

Latest Business News