1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Navi Mumbai International Airport: इंतजार की घड़ियां खत्म! आज से शुरू हुआ नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई वालों को क्रिसमस पर मिला बड़ा तोहफा

Navi Mumbai International Airport: इंतजार की घड़ियां खत्म! आज से शुरू हुआ नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई वालों को क्रिसमस पर मिला बड़ा तोहफा

करीब वर्षों के लंबे इंतजार, बार-बार बदली गई डेडलाइन्स और कई चुनौतियों के बाद आखिरकार नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) ने आज से कमर्शियल उड़ानों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। क्रिसमस के मौके पर यह एयरपोर्ट मुंबई और आसपास के लाखों लोगों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

नवी मुंबई एयरपोर्ट की...- India TV Hindi
Image Source : POSTED ON X BY @NAVIMUMAIRPORT नवी मुंबई एयरपोर्ट की ग्रैंड ओपनिंग हुई।

मुंबई और आसपास के इलाकों में रहने वाले करोड़ों लोगों के लिए आज का दिन (25 दिसंबर, 2025) इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। सालों के इंतजार और कई डेडलाइन गुजरने के बाद आखिरकार नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से कमर्शियल उड़ानों का आगाज हो गया है। क्रिसमस के खास मौके पर मिला यह तोहफा न केवल मुंबई के हवाई यातायात के दबाव को कम करेगा, बल्कि सपनों के शहर को दो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों वाला भारत का पहला महानगर बना देगा।

पहले ही दिन चार प्रमुख एयरलाइंस इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर यहां से घरेलू उड़ानें संचालित कर रही हैं। नवी मुंबई एयरपोर्ट से विमान का पहला टेक-ऑफ सुबह 8:55 बजे हुआ। इंडिगो का यह विमान हैदराबाद के लिए उड़ान भरा। आपको बता दें कि एयरपोर्ट टर्मिनल को सुबह करीब 6:40 बजे यात्रियों के लिए खोल दिया गया था।

पहले दिन 30 उड़ानें प्रस्तावित

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, पहले दिन कुल 30 एयर ट्रैफिक मूवमेंट (आने-जाने वाली उड़ानें) होंगी, जिनमें 15 डिपार्चर शामिल हैं। शुरुआती चरण में एयरपोर्ट सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान रोजाना 24 तक निर्धारित उड़ानें और प्रति घंटे 10 विमानों की आवाजाही संभालने की क्षमता होगी। फिलहाल NMIA देश के 9 शहरों को जोड़ रहा है, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 13 गंतव्यों तक ले जाने की योजना है।

एयरपोर्ट की सुविधाएं

अत्याधुनिक सुविधाएं और करीब 1160 हेक्टेयर में फैले इस एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन भारत के राष्ट्रीय फूल कमल की थीम पर आधारित है। अपनी भव्यता के साथ-साथ यह एयरपोर्ट तकनीक के मामले में भी बेमिसाल है। यहां यात्रियों को डिजी यात्रा की सुविधा मिलेगी, जिससे बिना किसी कागजी झंझट के पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस एंट्री संभव होगी। साथ ही, टर्मिनल के अंदर खाने-पीने और शॉपिंग के लिए खास इंतजाम किए गए हैं, जहां स्थानीय स्वाद और किफायती दामों का ध्यान रखा गया है।

एयरपोर्ट बनने की लागत

लागत और भविष्य का खाका अडानी ग्रुप और सिडको (CIDCO) की साझेदारी में बने इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के पहले चरण को तैयार करने में लगभग 19,650 करोड़ रुपये का खर्च आया है। पहले फेज में इसकी क्षमता सालाना 2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है, लेकिन आने वाले वर्षों में पांचों चरण पूरे होने के बाद यह आंकड़ा 9 करोड़ तक पहुंच जाएगा।

Latest Business News