जब भी भारत की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों की बात होती है, तो हमारे दिमाग में सबसे पहले वंदे भारत, राजधानी या शताब्दी एक्सप्रेस का नाम आता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारतीय रेल नेटवर्क पर एक ऐसी ट्रेन भी दौड़ती है, जिसके सामने फाइव-स्टार होटल की लग्जरी भी फीकी पड़ जाती है? इस ट्रेन का किराया इतना ज्यादा है कि उतने पैसों में आप एक नई चमचमाती कार खरीद सकते हैं या दिल्ली-मुंबई जैसे शहर में घर का डाउनपेमेंट कर सकते हैं।
हम बात कर रहे हैं भारतीय रेलवे की सबसे आलीशान और दुनिया की टॉप लग्जरी ट्रेनों में शुमार महाराजा एक्सप्रेस की। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) द्वारा चलाई जाने वाली यह ट्रेन किसी चलते-फिरते शाही महल जैसी है। आइए जानते हैं इसके चौंकाने वाले किराये और इसकी शाही सुख-सुविधाओं के बारे में।
'चलता-फिरता राजमहल'
महाराजा एक्सप्रेस कोई आम ट्रेन नहीं है जो आपको सिर्फ एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पर छोड़ दे। यह आपको भारत के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और राजसी ठाट-बाट का सफर कराती है। इस ट्रेन में कुल 23 डिब्बे हैं, जिनमें आलीशान बेडरूम, डीलक्स केबिन, सुइट और एक 'प्रेसिडेंशियल सुइट' शामिल है। ट्रेन के अंदर कदम रखते ही आपको राजा-महाराजाओं जैसा अहसास होने लगता है। इसके डिब्बों का इंटीरियर सोने की नक्काशी, कीमती कालीनों और मखमली बिस्तरों से सजाया गया है। ट्रेन में दो बेहद खूबसूरत थीम-बेस्ड रेस्टोरेंट हैं- 'मयूर महल' और 'रंग महल', जहां सोने और चांदी की परत चढ़े बर्तनों में दुनिया भर का लजीज खाना परोसा जाता है। इसके अलावा ट्रेन में एक हाई-फाई बार लाउंज, सफारी बार और गेम खेलने के लिए बकायदा क्लब भी मौजूद है।
किराया जानकर घूम जाएगा सिर!
अब बात करते हैं उस चीज की जिसने इस ट्रेन को भारत की सबसे महंगी ट्रेन बनाया है, यानी इसका किराया। महाराजा एक्सप्रेस मुख्य रूप से 4 अलग-अलग शाही टूर पैकेज (जैसे द इंडियन स्प्लेंडर, द हेरिटेज ऑफ इंडिया) ऑफर करती है, जो आमतौर पर 4 से 7 दिनों के होते हैं।
- डीलक्स केबिन: अगर आप इस ट्रेन के सबसे बेसिक यानी डीलक्स केबिन में सफर करना चाहते हैं, तो इसके 7 दिनों के सफर के लिए प्रति व्यक्ति किराया लगभग ₹7.45 लाख से ₹7.81 लाख तक जाता है।
- सुइट: यदि आप थोड़े और बड़े सुइट रूम में रहना चाहते हैं, तो इसका किराया करीब ₹13.84 लाख प्रति व्यक्ति है।
- प्रेसिडेंशियल सुइट: अब आते हैं इस ट्रेन के सबसे महंगे और आलीशान डिब्बे पर। इस प्रेसिडेंशियल सुइट का किराया जानकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ जाते हैं। 7 दिनों के इस शाही सफर के लिए एक टिकट की कीमत लगभग ₹23.78 लाख रुपये है। टैक्स जोड़ने के बाद यह खर्च और भी बढ़ जाता है।
किराये में क्या-क्या शामिल होता है?
23 लाख रुपये का यह टिकट सिर्फ ट्रेन के सफर का नहीं है। इस किराये में आपका फाइव-स्टार खाना, दुनिया की सबसे महंगी शराब, हर केबिन के लिए एक पर्सनल बटलर (सेवक), शहरों में घूमने के लिए लग्जरी गाड़ियां, स्पा और लांड्री की सुविधा और स्मारकों में वीआईपी एंट्री टिकट जैसी तमाम सुविधाएं शामिल होती हैं।
Latest Business News