दुनियाभर में करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) में बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी है। कंपनी अपने करीब 6 फीसदी कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना बना रही है। इस फैसले से लगभग 1,000 कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। खास बात यह है कि कंपनी का मुनाफा और कमाई बढ़ने के बावजूद यह कदम उठाया जा रहा है। कंपनी ने इसके पीछे संगठन में बदलाव और भविष्य की योजनाओं के लिए संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की जरूरत बताई है।
नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ ग्रेग पीटर्स और टेड सारंडोस ने बुधवार को कर्मचारियों को भेजे गए एक मेमो में छंटनी की जानकारी दी। एसोसिएटेड प्रेस (AP) के मुताबिक, कंपनी के प्रोडक्ट, टेक्नोलॉजी, लीगल और ह्यूमन रिसोर्स डिपार्टमेंट पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ सकता है। दोनों अधिकारियों ने अपने संदेश में कहा कि कर्मचारियों की छंटनी जैसे फैसले लेना आसान नहीं होता और कंपनी इन्हें हल्के में नहीं लेती। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कारोबार मजबूत है, लेकिन भविष्य में विकास और अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों और संसाधनों का सही जगह इस्तेमाल करना जरूरी है।
कमाई बढ़ने के बाद भी क्यों हो रही छंटनी?
नेटफ्लिक्स की कमाई में इस साल बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी को नए ग्राहकों के जुड़ने और सब्सक्रिप्शन की कीमतें बढ़ाने से फायदा मिला है। वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में नेटफ्लिक्स ने 3.4 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया, जबकि कंपनी का राजस्व 12.56 अरब डॉलर रहा। पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले कंपनी के मुनाफे में 9 फीसदी और राजस्व में 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इसके बावजूद कंपनी भविष्य की ग्रोथ और अपनी सेवाओं में सुधार के लिए खर्च और कर्मचारियों से जुड़े संसाधनों को प्राथमिकता के आधार पर इस्तेमाल करना चाहती है। हालांकि, तीसरी तिमाही के लिए कंपनी का अनुमान वॉल स्ट्रीट के विश्लेषकों की उम्मीदों से कम रहा। नेटफ्लिक्स अगले हफ्ते अपने तिमाही नतीजे जारी करने वाली है।
स्ट्रीमिंग बाजार में बढ़ रही प्रतिस्पर्धा
नेटफ्लिक्स को स्ट्रीमिंग बाजार में अमेजन प्राइम वीडियो और डिज्नी+ जैसी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है। इसके अलावा HBO मैक्स और पैरामाउंट+ भी अब स्काईडांस के अंतर्गत आ गए हैं। वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी के अधिग्रहण का सौदा पूरा होने के बाद नई कंपनी की योजना समय के साथ अपनी स्ट्रीमिंग सेवाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने की है।
इनपुट- AP
यह भी पढ़ें- Adidas में बड़ी छंटनी से हड़कंप, गुड़गांव ऑफिस के 50% स्टाफ की कर दी छुट्टी; टाउन हॉल मीटिंग में थमाया एग्जिट लेटर
Latest Business News